जूनियर एनटीआर बनेंगे पौराणिक फिल्म का हिस्सा, इस दिन हो सकता है ऐलान
क्या है खबर?
साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर एक बार फिर कुछ नया करने के लिए तैयार हैं। ऐसी चर्चा है कि वह एक पौराणिक फिल्म का हिस्सा बनने जा रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने फिल्म निर्माता त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ हाथ मिलाया है। बेशक यह परियोजना उनके फैंस को खुश कर देगी, क्योंकि अभिनेता एक बार फिर किसी पौराणिक फिल्म में दिखेंगे। इससे पहले, अभिनेता को 'बाल रामायणम' (1996) में भगवान श्रीराम के बचपन का किरदार निभाते देखा गया था।
ऐलान
इस खान दिन पर हो सकता है ऐलान
123 तेलुगु की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का ऐलान 20 मई को हो सकता है, क्योंकि इसी दिन अभिनेता का जन्मदिन है। पिछले साल एनटीआर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें वह मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आए थे और उनके हाथ में आनंद बालासुब्रमण्यम द्वारा लिखित 'मुरुगा- द लॉर्ड ऑफ वॉर, द गॉड ऑफ विजडम' की एक कॉपी थी। ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने इस पौराणिक फिल्म के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
किरदार
इस किरदार में दिखेंगे जूनियर एनटीआर, शीर्षक भी तय
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का शीर्षक तय हो चुका है और यह 'षणमुकुडु' है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। फिल्म में वह भगवान 'कुमार स्वामी' का किरदार निभा सकते हैं, जिन्हें 'भगवान कार्तिकेय' या 'सुब्रह्मण्य स्वामी' के नाम से भी जाना जाता है। फिलहाल तो निर्माताओं की पुष्टि का इंतजार है। एनटीआर आगामी फिल्म 'ड्रैगन' की तैयारी में जुटे हैं, जिसका निर्देशन प्रशांत नील कर रहे हैं। इसमें शाहिद कपूर और आलिया भट्ट के शामिल होने की चर्चा है।