जिमी शेरगिल का सवाल- सितारे सुविधा संपन्न, क्रू 18 घंटे पिस रहा; ये कैसी जिंदगी है?
क्या है खबर?
फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के काम के घंटे तय करने की बहस के बीच अभिनेता जिमी शेरगिल ने पर्दे के पीछे काम करने वाले क्रू के सदस्यों को लेकर चिंता जताई है। जिमी ने कहा कि असली संघर्ष तकनीकी टीम और कर्मचारियों का है, जो लगातार 18 घंटे काम करते हैं। इस वजह से उनकी सेहत और निजी जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।
चिंता
"रोज 18 घंटे खटने वाला इंसान ज्यादा दिन टिक नहीं पाएगा"
द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से जिमी ने कहा, मेरी लड़ाई मजदूरों/कर्मचारियों के लिए है। 12 घंटे, फिर 3 घंटे और फिर 3 घंटे... यानी कुले 18 घंटे। इसके बाद उनके घर वापस जाने का सफर। वो बस अपनी पत्नी से मिलने घर जाता है और तुरंत वापस आ जाता है। वो कैसी जिंदगी जी रहा है? इस पर ध्यान देना होगा कि मजदूरों की सेहत सबसे ज्यादा जरूरी है। रोज 18 घंटे खटने वाला इंसान ज्यादा दिन टिक नहीं पाएगा।"
बर्बादी
सिर्फ सेट के घंटे नहीं, सेहत और परिवार भी बर्बाद हो रहा- जिमी
जिमी ने जोर देकर कहा कि ये मुद्दा सिर्फ इस बात का नहीं है कि कोई फिल्म सेट पर कितने घंटे बिताता है, बल्कि इसका असर उनकी सेहत और पारिवारिक जीवन पर भी पड़ता है।
जिमी के मुताबिक, लंबी शिफ्टें खत्म करने के बाद कर्मचारी आने-जाने के सफर में भी अतिरिक्त घंटे बिताने पड़ते हैं, जिससे काम पर लौटने से पहले उनके पास आराम करने के लिए बहुत कम समय बचता है।
दर्द
जिमी बोले- क्रू के पास आराम का हक भी नहीं
जिमी ने आगे कहा, "दुनिया में हर जगह काम की शिफ्ट 12 घंटे की होती है। आपको उन घंटों के भीतर जितना काम करना है करें, लेकिन उसके बाद सेट पर काम करने वाले कर्मचारयों को अपने लिए वक्त मिलना चाहिए। हम कलाकार तो सुविधा संपन्न हैं। हम 15-20 दिन में अपना काम निपटाकर घर जाकर आराम से सो सकते हैं, लेकिन क्रू के सदस्यों के पास ये सुविधा नहीं होती।"
आगामी वेब सीरीज
इस वेब सीरीज में नजर आएंगे जिमी शेरगिल
जिमी को हाल ही में वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर के साथ फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में देखा गया था, जो बॉक्स ऑफिस पर असफल रही।
अब वो वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' में नजर आएंगे, जो साल 1999 कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक वायुसेना मिशन पर आधारित है। ओनी सेन के निर्देशन में बनी यह सीरीज 7 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इसमें सिद्धार्थ, अभय वर्मा और दीया मिर्जा भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।