
विवेक अग्निहोत्री ने अनुराग कश्यप को बताया था 'दारूबाज', जवाब में निर्देशक ने कहा 'झूठा आदमी'
क्या है खबर?
निर्देशक विवेक अग्निहोत्री अपनी दो टूक बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह बेझिझक हर मुद्दे पर अपनी राय रखते हैं और बॉलीवुड सितारों या निर्देशकों की पोल खोलने से भी पीछे नहीं हटते। पिछले दिनों उन्होंने निर्देशक अनुराग कश्यप को लेकर दावा किया कि वह बहुत दारूबाज थे और सेट पर उन्हें संभालना मुश्किल हो जाता था। अब अनुराग ने उनके इस दावे पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है।
बयान
बोले क्या थे विवेक?
विवेक ने बताया कि सालों पहले जब वह फिल्म 'धन धना धन गोल' पर काम कर रहे थे, तब अनुराग कश्यप और विक्रमादित्य मोटवानी उनके साथ जुड़े थे, लेकिन अनुराग की शराब पीने की आदतों ने शूटिंग को मुश्किल बना दिया था। वह बोले, "जब हम 'गोल' की शूटिंग कर रहे थे, तब अनुराग कश्यप इस फिल्म की स्क्रिप्ट लिख रहे थे। उस समय वह दारूबाज थे। बहुत शराब पीते थे। उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता था।"
खुलासा
अनुराग को संभालना मुश्किल हो गया था
विवेक बोले, "आजकल अनुराग क्या करते हैं, मुझे नहीं पता, लेकिन उस वक्त उनके समय और काम का कोई सही हिसाब नहीं था। फिर अनुराग विक्रमादित्य मोटवानी को लेकर आया। उसने कहा, "मेरा एक नया लड़का है, वो मेरे साथ काम करता है, वो आपकी मदद करेगा। आप उससे मिलते रहिए। धीरे-धीरे करते-करते अनुराग ने विक्रमादित्य को ही सारा काम दे दिया। मेरी अनुराग से कोई दुश्मनी नहीं, लेकिन सच कहूं तो उस वक्त उसे संभालना मुश्किल हो गया था।"
बयानगाजी
अनुराग ने दी थी विवेक को गाली
बता दें कि विवेक ने ये भी कहा था, "शराब एक ऐसी चीज है, जिसे वही समझ सकता है, जो खुद उस दौर से गुजरा हो। जो नशा करता है, वही उसकी भाषा समझ सकता है, लेकिन पेशेवर स्तर पर उस स्थिति को संभलना बहुत बड़ी चुनौती बन गई थी। यही मेरा और अनुराग का अनुभव रहा है। इसके बाद अचानक एक दिन अनुराग ने सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ गाली-गलौज कर दी।"
प्रतिक्रिया
अनुराग ने यूं दिया जवाब
अनुराग ने इंस्टा स्टोरी पर विवेक के इस इंटरव्यू का एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा, 'कितना झूठा है ये आदमी? शूटिंग लंदन में हुई थी और मैं भारत में था। वह मुझसे या विक्रमादित्य मोटवानी से स्क्रिप्ट नहीं चाहते थे, बल्कि फुटबॉल पर 'लगान' बनाना चाहते थे और उस घटिया स्क्रिप्ट को लिखने के लिए उन्होंने अपना ही लेखक लिया। न मैं और ना विक्रमादित्य कभी सेट पर गए। सुर्खियां बटोरने के लिए लोगों को गुमराह करना बंद करो।'
जानकारी
फिल्म 'गोल' के बारे में
बता दें कि फिल्म 'गोल' में पहले सैफ अली खान और प्रियंका चोपड़ा को लेने की बात चल रही थी। दोनों का नाम तय था, लेकिन सैफ की निजी जिंदगी में कुछ दिक्कतें आ गईं। फिर इसमें जॉन अब्राहम और बिपाशा बसु को लिया गया।