जाह्नवी कपूर बोलीं- मां के साथ मुस्कुराता था हमारा परिवार, उनके बगैर सब अधूरा लगता है
क्या है खबर?
अपनी मां और महान अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन को कई साल बीत जाने के बाद भी जाह्नवी कपूर का दर्द कम नहीं हुआ है। एक हालिया इंटरव्यू में जाह्नवी ने इस पर खुलकर बात की है कि कैसे उनकी मां के अचानक चले जाने ने उनके जीवन और करियर को पूरी तरह बदल दिया। अभिनेत्री ने साझा किया कि श्रीदेवी का जाना उनके लिए सिर्फ एक व्यक्तिगत क्षति नहीं, बल्कि एक ऐसा खालीपन है, जिसे आज भी भरना नामुमकिन है।
निर्भरता
"मुझे सब कुछ मां ही बताती थीं"
राज शमानी के साथ एक चर्चा के दौरान जाह्नवी ने साझा किया कि अपनी मां को खोना उनके जीवन का सबसे कठिन और दर्दनाक अनुभव था। उन्होंने कहा, "मैं पूरी तरह से उन पर निर्भर थी। मैंने कभी खुद से फैसले नहीं लिए थे। मैं हर छोटी-बड़ी चीज़ के लिए उन पर आश्रित थी। जैसे क्या पहनना है, क्या कदम उठाना है, क्या सही है और क्या गलत, क्या अस्तित्व में है और क्या नहीं, सब मां बताती थीं।"
आपबीती
जाह्नवी ने बताया कैसे लोगों की राय उनके दुख को और बढ़ाती थी
जाह्नवी बाेलीं, "मुझे अपने स्वतंत्र विचार बनाना सीखना पड़ा। ऐसे समय में जब दुनिया आपको अंदर से तोड़ने की कोशिश कर रही होती है, लोग कहते थे देखो, अब ये कुछ ज्यादा मुस्कुरा रही है या फिर ये बहुत दुखी है या ये ज्यादा दुखी नहीं दिख रही है।" उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा, "लोग ये तय करने लगे थे कि मेरे दुख का दिखावा कितना 'सही' है, जिसने मेरे लिए स्थिति को और भी अधिक पीड़ादायक बना दिया था।"
राैनक
"मां थीं तो परिवार में खुशी थी"
जाह्नवी ने भावुक होते हुए कहा कि उनके लिए श्रीदेवी हमेशा से ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रही हैं और रहेंगी, क्योंकि उनकी जैसी कोई नहीं है। उन्होंने ये भी बताया कि श्रीदेवी के निधन के बाद उनके पिता बोनी कपूर पहले जैसे नहीं रहे। जाह्नवी ने परिवार के सुनहरे पलों को याद करते हुए कहा, "हम सबसे खुशहाल समय में बहुत आनंदमय और सकारात्मक रहते थे और सबसे अहम ये कि उस खुशी का बड़ा हिस्सा मां ही थीं।"
निधन
बॉलीवुड की 'चांदनी' का वो आखिरी सफर
बता दें कि 24 फरवरी, 2018 को बॉलीवुड की 'चांदनी' श्रीदेवी का महज 54 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। दुबई के जुमेराह एमिरेट्स टावर्स होटल में एक शादी समारोह में शामिल होने के दौरान बाथटब में गलती से डूबने से उनकी मौत हो गई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। अभिनय के मोर्चे पर बात करें तो जाह्नवी पिछली बार वरुण धवन के साथ फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में दिखी थीं।