जाह्नवी कपूर का खुलासा- मैं नशे में धुत रहना चाहती थी, शराब की तलब होती थी
क्या है खबर?
जाह्नवी कपूर ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी के ऐसे काले अध्याय पर से पर्दा उठाया है, जिसने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। एक इंटरव्यू के दौरान जाह्नवी ने स्वीकार किया कि एक दौर ऐसा था, जब उन्हें शराब पीने की तलब होत थीं और मानसिक शांति के लिए नशे का सहारा लेना पड़ रहा था। जाह्नवी ने ये भी बताया कि भावनात्मक उथल-पुथल के कारण उन्हें बार-बार शराब पीने की तीव्र इच्छा होती थी।
आपबीती
जाह्नवी ने राज शमानी के पॉडकास्ट पर बयां किया अपना दर्द
राज शमानी के पॉडकास्ट 'फिगरिंग आउट' पर बात करते हुए 29 वर्षीय जाह्नवी ने बताया कि एक दर्दनाक अनुभव के बाद शराब उनके लिए तनाव से बचने का एक जरिया बन गई थी। उनकी ये कहानी उस सच को उजागर करती है, जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। शराब की लत अक्सर नाटकीय रूप से नहीं, बल्कि बहुत खामोशी से शुरू होती है। क्या कुछ बोलीं जाह्नवी, आइए जानते हैं।
खुलासा
...जब शराब शौक नहीं, सहारा बन गई
जाह्नवी बोलीं, "मैं ये नहीं कहूंगी कि मुझे इसकी लत लग गई थी या मैं शराब का दुरुपयोग कर रही थी, लेकिन मैं बार-बार पी रही थी और ये मेरे जीवन के एक बड़े दर्दनाक अनुभव के बाद शुरू हुआ था। ऐसा महसूस होने लगा था कि बस मुझे अब नशे में धुत होने की जरूरत है। मैंने मानसिक खालीपन को भरने के लिए शराब पी। इसे राहत पाने का एकमात्र रास्ता मान लिया, जो धीरे-धीरे 'जरूरत' में बदल गई।"
सबक
जाह्नवी ने बताए लत के 'खामोश' संकेत
जाह्नवी ने अपनी इस लड़ाई और आत्म-बोध के बारे में बात करते हुए बताया कि अपनी स्थिति को समझने के लिए हमेशा किसी बड़े हादसे या नाटकीय मोड़ की जरूरत नहीं होती। उन्होंने उन छोटे-छोटे लेकिन परेशान करने वाले संकेतों का जिक्र किया, जिन्हें उन्होंने खुद महसूस किया था। जाह्नवी ने कहा कि जब आप सोकर उठते हैं और खुद को शारीरिक व मानसिक रूप से पूरी तरह खाली और थका हुआ पाते हैं तो वो बड़ा संकेत होता है।
अहसास
जाह्नवी का डरावना अहसास
जाह्नवी ने इस बात पर जोर दिया कि उन्हें पीने के बाद अपने शरीर का भारीपन और वो अहसास पसंद नहीं आ रहा था। शराब अब उनके लिए खुशियों की नहीं, बल्कि नकारात्मक यादों का हिस्सा बन गई थी। सबसे डरावना एहसास तब था, जब उन्होंने अपने भीतर उन आदतों को देखना शुरू किया, जो किसी और की लत से मेल खाते थे। इन्हीं छोटे-छोटे संकेतों ने उन्हें रुकने और सोचने पर मजबूर कर दिया।
छुटकारा
'खौफनाक यादों' ने जाह्नवी को किया शराब से दूर
जाह्नवी ने बताया कि कैसे एक जानी-पहचानी गंध उनके लिए 'खतरे की घंटी' बन गई, जिसने उन्हें उनके जीवन के किसी ऐसे व्यक्ति की याद दिला दी, जो खुद लत से जूझ रहा था। ये एक गहरी चेतावनी थी, जिसने उन्हें अपनी आदतों पर गौर करने के लिए मजबूर कर दिया। आखिरकार उन्होंने खुद को उस दलदल से बाहर निकाला। काम के माेर्चे पर बात करें तो जाह्नवी जल्द ही राम चरण के साथ फिल्म 'पेड्डी' में नजर आएंगी।