फिल्म 'पेड्डी' के लिए जाह्नवी कपूर ने वसूली थी भारी-भरकम फीस, हो गया खुलासा
क्या है खबर?
राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित यह एक स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें जाह्नवी कपूर भी हैं। उनके द्वारा निभाए गए 'अचियम्मा' के किरदार को स्क्रीन पर दर्शाने के लिए निर्माताओं को भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि कैमरा उनके अभिनय से ज्यादा उनके शरीर के अंगों पर फोकस करता है। इन विवादों के बीच, 'पेड्डी' में जाह्नवी की फीस का खुलासा हुआ है।
खुलासा
'पेड्डी' में जाह्नवी को मिली थी इतनी फीस
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में एक सूत्र ने बताया कि अभिनेत्री को 8 करोड़ रुपये फीस मिली थी। उन्होंने कहा, "यह उनके करियर का सबसे बड़ा पे-चेक है। उन्होंने 'पेड्डी' के सेट पर पूरी तरह पेशेवर रवैया अपनाया। उन्हें 'देवरा' के लिए 5 करोड़ रुपये मिले थे। 'देवरा' और 'पेड्डी' जैसी फिल्मों के साथ तेलुगु सिनेमा में लगातार सफलता हासिल करने वाली जाह्नवी को फिल्म जगत में 'गोल्डन लेग' वाली महिला माना जाता है, जिनका सफलता अनुपात 100 प्रतिशत है।"
प्रस्ताव
तेलुगु फिल्मों में जाह्नवी जमा सकती हैं अपने कदम
सूत्रों के मुताबिक, जाह्नवी को कई तेलुगु फिल्मों के प्रस्ताव मिल रहे हैं। देखा जाए तो पहले से उनके पास अल्लू अर्जुन की फिल्म 'राका' है, जिसमें मुख्य अभिनेत्री दीपिका पादुकोण हैं। ऐसा लगता है कि आने वाले समय में उन्हें कई और तेलुगु फिल्मों में अभिनय करते हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा, जाह्नवी की फिल्म 'लग जा गले' 14 मई, 2027 को रिलीज होगी। इसमें उनके साथ टाइगर श्रॉफ और लक्ष्य लालवानी दिखाई देंगे।