'जन नायकन' की प्रमाणन प्रकिया अभी अधूरी, निर्माताओं ने अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी
क्या है खबर?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय (थलापति विजय) की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' फिर चर्चा में है। पिछले हफ्ते दावा किया गया था फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को पास कर दिया है। कुछ बदलावों के बाद इसे 'ए' प्रमाणपत्र दिया गया है। 'जन नायकन' के निर्माता KVN प्रोडक्शन ने अब इन दावों को नकारा है। उन्होंने स्पष्ट पुष्टि की है कि ये खबरें पूरी तरह से फर्जी हैं और फिल्म को अभी तक प्रमाणपत्र नहीं मिला है।
बयान
सेंसर बोर्ड ने अंतिम संशोधनों का अनुरोध किया
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में, प्रोडक्शन हाउस ने प्रमाणन प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म में अंतिम संशोधनों का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा, "जो तस्वीर वायरल हो रही है, वह फर्जी है। CBFC ने अपनी समीक्षा पूरी कर ली है और हमें संशोधनों की अंतिम सूची भेज दी है। एक बार जब हम ये बदलाव पूरे कर लेंगे, तो हमें प्रमाणपत्र मिलने और फिल्म को सिनेमाघरों में लाने की उम्मीद है।"
रिलीज
जल्द से जल्द सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना
फिल्म को प्रमाणपत्र न मिलने के बावजूद, इसे सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारियां चल रही हैं। चर्चा है कि निर्माता जुलाई के आखिरी सप्ताह में या फिर अगस्त में 'जन नायकन' के दर्शन सिनेमाघरों में करा सकते हैं। हालांकि, यह इस पर निर्भर करेगा कि बोर्ड अपनी अंतिम मंजूरी कब देता है। बता दें, राजनीति में आने के बाद 'जन नायकन' विजय के करियर की आखिरी फिल्म है। इसमें बॉबी देओल, पूजा हेगड़े और ममिता बैजू जैसे सितारे हैं।