जयदीप अहलावत का खुलासा, बोले- मेरा गुस्सा बड़ा खौफनाक; मैं भड़क गया तो समझो सब खत्म
क्या है खबर?
अभिनेता जयदीप अहलावत ने हाल ही में अपनी सबसे बड़ी कमजोरी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनका गुस्से बड़ा विनाशकारी है। अभिनेता ने स्वीकार किया कि अतीत में वो कई बार हिंसक व्यवहार भी कर चुके हैं, क्योंकि गुस्सा आने पर उनका खुद पर काबू नहीं रहता। अभिनेता के मुताबिक, उनका गुस्सा इतना डरावना है कि वो कई बार आपा खोकर हिंसक प्रतिक्रियाएं दे चुके हैं। क्या कुछ बोले जयदीप, आइए जानते हैं।
खुलासा
भाषा की परेशानी और बेकाबू गुस्सा बनी चुनौती
जयदीप ने रेख्ता के यूट्यूब चैनल पर कहा, "अपने करियर की शुरुआत में मेरी सबसे बड़ी चुनौती भाषा थी। मैं शुद्ध हिंदी बोलने की कोशिश करता था, लेकिन मेरे बोलने के अंदाज में हरियाणवी बोली का प्रभाव इतना ज्यादा था कि सामान्य हिंदी संवादों के बीच भी वो लहजा उभर आता था। इसे ठीक करने के लिए मुझे काफी मेहनत करनी पड़ी" उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के स्वीकार किया कि अतीत में वो इसके कारण हिंसक भी रहे हैं।
आपा
गुस्सा अभी भी नियंत्रण से बाहर, संभालना मुश्किल
जयदीप बताते हैं, "मेरा गुस्सा अब भी एक समस्या है। मैं बहुत जल्दी आपा खो देता हूं और उस वक्त मुझे कुछ समझ नहीं आता। हालांकि, मैं इसे काबू में रखने की पूरी कोशिश करता हूं, लेकिन एक बार जब मैं भड़क जाता हूं तो खुद को वापस सामान्य स्थिति में लाना बहुत मुश्किल हो जाता है। मुझे अक्सर वो जगह छोड़नी पड़ती है, क्योंकि अगर मैं वहीं रहा तो मेरा गुस्सा बढ़ता ही चला जाएगा।"
कमजोरी
"गुस्सा मेरी सबसे बड़ी कमजोरी, मौके से भागना पड़ता है"
जयदीप ने बताया कि जब वो भड़कते हैं तो उनका खुद पर कोई काबू नहीं रहता और स्थिति को बिगड़ने से बचाने के लिए उन्हें अक्सर मौके से भागना पड़ता है, क्योंकि अगर वो वहीं रहे तो सब खत्म हो जाएगा। उन्होंने माना कि ये उनकी सबसे बड़ी कमजोरी है। वैसे बॉलीवुड में ऐसे कई कलाकार हैं, जिनकी नाक पर हर वक्त गुस्सा रहता है। इस सूची में सलमान खान से लेकर जया बच्चन तक कई नाम शामिल हैं।
आगामी फिल्म
शाहरुख खान के साथ 'किंग' में नजर आएंगे जयदीप
जयदीप को आखिरी बार श्रीराम राघवन की वॉर फिल्म 'इक्कीस' में देखा गया था। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में थे और जयदीप ने एक महत्वपूर्ण किरदार निभाया था और हमेशा की तरह खूब वाहवाही लूटी थी। जयदीप के पास फिलहाल कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म 'किंग' की है। इस फिल्म में वो बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।