'जय भीम' का सीक्वल जल्द आएगा, सह-निर्माता राजशेखर ने की घोषणा
क्या है खबर?
अगर आपने सुपरस्टार सूर्या की फिल्म 'जय भीम' देखी होगी तो इसकी कहानी आपको याद ही होगी। फिल्म को ना सिर्फ दर्शकों, बल्कि समीक्षकों से भी खूब प्यार मिला, वहीं सूर्या के अभिनय की भी दर्शकों ने भर-भर के तारीफ की।
अब जो खबर आ रही है, उससे बेशक फिल्म और सूर्या के प्रशंसकों के चेहरे खिल उठेंगे। दरअसल, फिल्म के सह-निर्माता राजशेखर पांडियन ने इसके सीक्वल का ऐलान कर दिया है।
आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।
घोषणा
फिल्म के सीक्वल पर काम शुरू
'जय भीम' को गोवा में आयोजित IFFI में दिखाया गया। इस मौके पर फिल्म के सह-निर्माता राजशेखर ने सीक्वल पर बात की।
उन्होंने कहा, "जय भीम' का सीक्वल जरूर और जल्द बनेगा। हमने सीक्वल लाने की योजना बनाई है। इस पर काम शुरू हो गया है। हमने पहले सूर्या से 'जय भीम' के प्रोडक्शन में मदद करने के लिए संपर्क किया था, लेकिन उन्हें इसकी कहानी इतनी पसंद आई कि वह इसमें अभिनय करने को भी तैयार हो गए।"
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
बता दें कि सूर्या का 2D एंटरटेनमेंट नाम का प्रोडक्शन हाउस है, जिसके बैनर तले 'जय भीम' का निर्माण हुआ। राजशेखर उनकी इस प्रोडक्शन कंपनी के निर्देशक, निर्माता और CEO हैं। उन्होंने सूर्या के साथ 'सोरारई पोटरू' जैसी कई सुपरहिट फिल्में बनाई हैं।
उपलब्धि
बीते साल गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च हुई 'जय भीम'
'जय भीम' गूगल की सर्च लिस्ट में शीर्ष स्थान हासिल कर चुकी है। बीते साल इस फिल्म को लोगों ने सबसे ज्यादा सर्च किया।
यह ऑस्कर के यूट्यूब चैनल पर दिखाई गई पहली तमिल फिल्म है। रिलीज के महज 10 दिन के अंदर फिल्म को IMDb की सूची में पहला स्थान मिल गया था।
40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 70 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म 2 नवंबर, 2021 को रिलीज हुई थी।
कहानी
आदिवासियों पर केंद्रित है फिल्म की कहानी
'जय भीम' तमिलनाडु में 1990 के दशक में आदिवासियों पर बनी है। इसमें दिखाया गया है कि आदिवासियों के साथ पुलिसकर्मी कैसा व्यवहार करते हैं और उनकी मजबूरियों का फायदा उठाते हैं।
फिल्म में वकील बने सूर्या यानी चंद्रु उन आदिवासियों का केस लड़ते हैं और उन्हें न्याय दिलाते हैं।
हालांकि, फिल्म की इस कहानी को लेकर कइयों ने इसका विरोध किया। कहा गया कि भारत में पुलिसकर्मी इतने घिनौने नहीं हैं, जिस तरह से फिल्म में दिखाया गया है।
आगामी सीक्वल
साउथ की इन फिल्मों के सीक्वल भी हैं कतार में
जल्द ही दर्शकों के बीच साउथ की कई हिट फिल्मों के सीक्वल आने वाले हैं। सबसे ज्यादा चर्चा में 'पुष्पा' का दूसरा भाग है, जिसमें अल्लू अर्जुन ने मुख्य भूमिका निभाई है।
इसके अलावा कमल हासन की फिल्म 'इंडियन 2' का भी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। लोग 'कैथी 2' की भी बेसब्री से राह देख रहे हैं।
धनुष अभिनीत 'वाडा चेन्नई' का दूसरा भाग भी बनने वाला है। इसके अलावा 'विक्रम 2' भी लाइन में है।