LOADING...
जैकलीन फर्नांडिस और सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसे, अदालत ने दिया ये बड़ा आदेश
जैकलीन फर्नांडिस की मुश्किलें बढ़ीं

जैकलीन फर्नांडिस और सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसे, अदालत ने दिया ये बड़ा आदेश

May 30, 2026
05:15 pm

क्या है खबर?

200 करोड़ रुपये के महाठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस और महाठग सुकेश चंद्रशेखर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। इस मामले में दिल्ली की अदालत ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए जैकलीन, सुकेश चंद्रशेखर और अन्य सह-आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दे दिया है। कोर्ट के इस कड़े रुख के बाद अब साफ हो गया है कि इस मामले में इन सभी आरोपियों के खिलाफ नियमित मुकदमा चलाया जाएगा।

आदेश

पटियाला हाउस कोर्ट का बड़ा आदेश

पटियाला हाउस अदालत ने अदिति सिंह से कथित रूप से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुकेश, लीना मारिया पॉल, जैकलीन और अन्य के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया। इसके अलावा इसी 200 करोड़ रुपये के कथित रंगदारी मामले से जुड़े मकोका केस में भी सुकेश चंद्रशेखर, लीना मारिया पॉल और अन्य के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं। हालांकि, जैकलीन इस रंगदारी (उगाही) के मामले में आरोपी नहीं हैं।

टिप्पणी

कोर्ट की सख्त टिप्पणी

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने दोनों मामलों में आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, "ये निष्कर्ष निकलता है कि आरोपी व्यक्तियों ने प्रथम दृष्टया अपराध किए हैं, जिसके लिए उनके खिलाफ आरोप तय किए जाने चाहिए।" कोर्ट ने महाठग सुकेश के खिलाफ सरकारी कर्मचारी का ढोंग करने, जबरन वसूली (रंगदारी), धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और आपराधिक साजिश रचने जैसी गंभीर धाराओं के साथ-साथ IT एक्ट के तहत भी आरोप तय करने का आदेश दिया।

Advertisement

आरोप

3 जून को आधिकारिक तौर पर तय होंगे आरोप

मामले में 3 जून को आरोप तय होंगे। ये मामला जेल में बंद सुकेश पर लगे आरोपों से जुड़ा है, जिनमें उसने तिहाड़ जेल में रहते हुए रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से 200 करोड़ की रंगदारी वसूली थी। जांच एजेंसियों का आरोप है कि सुकेश ने सरकारी अधिकारी बनकर सहयोगियों की मदद से धोखाधड़ी की। सुकेश पर संगठित अपराध चलाने, अपराध करने और बेहिसाब संपत्ति रखने के आरोप में MCOCA भी लगाया गया है।

Advertisement

सफाई

सुकेश से महंगे तोहफे लेने के आरोप पर जैकलिन की सफाई

उधर जैकलीन पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोप है कि उन्होंने सुकेश से रंगदारी के पैसों से खरीदे गए महंगे तोहफे लिए, जिसके चलते उन्हें चार्जशीट में आरोपी बनाया गया। हालांकि, अभिनेत्री ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि वो इन पैसों के आपराधिक स्रोत से अनजान थीं। जैकलीन ने जांच में मदद का हवाला देकर सरकारी गवाह बनने की कोशिश की थी, लेकिन ED ने अर्जी का विरोध कर कहा कि वो अपराध की बड़ी लाभार्थी रही हैं।

Advertisement