जावेद जाफरी की पत्नी से जुड़े 16 करोड़ रुपये की ठगी मामले में BMC अधिकारी निलंबित
क्या है खबर?
जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी के साथ 16.4 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया था। इस धोखाधड़ी की शिकायत करते हुए पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई गई थी। ताजा अपडेट है कि बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने घोटाले में कथित संलिप्तता के आरोप में के-नॉर्थ वार्ड के सहायक आयुक्त महेश पाटिल को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि अधिकारी फिलहाल फराह हैं और उनकी तलाश शुरू की गई है।
कार्रवाई
महेश पाटिल समेत 6 के खिलाफ दर्ज हुई FIR
NDTV के मुताबिक, BMC ने निलंबन का आदेश 5 जून को जारी किया था, जिसे 7 जून को सौंपा गया है। उधर अभिनेता की पत्नी की शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने पाटिल समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर बांद्रा की एक पुनर्विकास परियोजना के नाम पर हबीबा के साथ ठगी की थी। मामले में व्यवसायी निशित पटेल को गिरफ्तार करके 19 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
मामला
अच्छे रिटर्न के वादे पर किया था धाेखा
शिकायत के अनुसार, आरोप है कि हबीबा की मुलाकात पाटिल से BMC कार्यालय में हुई थी। वहां पाटिल ने उन्हें एक पुनर्विकास परियोजना में निवेश करने की सलाह दी और अच्छे रिटर्न का वादा किया। यह भी कहा कि पैसा पटेल के जरिए लगाया जाए। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करके उन्हें असली बताकर जावेद, उनके रिश्तेदार नावेद जाफरी और अन्य लोगों से ठगी की। फिलहाल मामले में अभिनेता का कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है।