ईशान खट्टर ने 'गुल्लक' निर्देशक से मिलाया हाथ, कॉमेडी फिल्म से धमाल मचाने की तैयारी
क्या है खबर?
'होमबाउंड' जैसी भावनात्मक फिल्म से दर्शकों का दिल जीतने वाले ईशान खट्टर अब काॅमेडी शैली में वापसी करने की तैयारी कर चुके हैं। इस परियोजना में वह बिल्कुल नए अवतार के साथ लोगों को हंसी की डोज देते दिखेंगे। खबर है कि फिल्म का निर्देशन पलाश वासवानी करेंगे, जिन्हें वेब सीरीज 'गुल्लक' के निर्देशन के लिए जाना जाता है। शीर्षक तो अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन फिल्म का निर्माण हरमन बावेजा अपने बावेजा स्टूडियोज बैनर के तहत करेंगे।
परियोजना
अनोखी कॉमेडी फिल्म बनाने की तैयारी
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, परियोजना से जुड़ी ज्यादा जानकारी को अभी गुप्त रखा गया है। हालांकि अपडेट से पता चलता है कि यह एक अनोखी कॉमेडी फिल्म होगी जिसकी कहानी अप्रत्याशित और अनपेक्षित हालातों में घटित होती है। इसके निर्देशक वासवानी की बात करें, तो उन्होंने पहले सूरज बड़जात्या के OTT शो 'बड़ा नाम करेंगे' का निर्देशन किया था और इस परियोजना के जरिए वो फीचर फिल्म निर्देशन में अपना डेब्यू कर रहे हैं।
निर्माण
जल्द शुरू होगा फिल्म का निर्माण
फिल्म में महिला मुख्य कलाकार और अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाओं के लिए कास्टिंग चल रही है। इसका निर्माण कार्य अगले 2 महीने के अंदर शुरू होने की उम्मीद है। काम के मोर्चे पर, ईशान इस वक्त अपनी सीरीज 'द रॉयल्स' के अगले सीजन की तैयारी में जुटे हैं। नेटफ्लिक्स ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि यह सीरीज अपने दूसरे सीजन के साथ लौटेगी। 2025 में आए पहले सीजन में, भूमि पेडनेकर, ज़ीनत अमान और साक्षी तंवर जैसे सितारे थे।