ईशान खट्टर दिखाएंगे जुनूनी अवतार, स्पेनिश ट्रिलॉजी 'कुलपेबल्स' का भारतीय रूपांतरण लाने की तैयारी
क्या है खबर?
ईशान खट्टर के चाहने वाले उन्हें जल्द ही एक नए अवतार में देख सकते हैं। खबर है कि अमेजन प्राइम वीडियो की मशहूर स्पेनिश रोमांटिक-थ्रिलर ट्रिलॉजी 'कुलपेबल्स' का भारतीय रूपांतरण बनाने पर विचार चल रहा है। इस 3 भागों वाली युवा प्रेम-कहानी में मुख्य किरदार निभाने के लिए ईशान से बातचीत चल रही है। बता दें, कुलपेबल्स प्राइम वीडियो की सबसे सफल स्पेनिश फिल्मों में से एक है, जो मर्सिडीज रॉन के लोकप्रिय उपन्यासों पर आधारित है।
बातचीत
ईशान के नाम पर चल रहा विचार
मिड-डे के मुताबिक, फिल्म जगत से जुड़े एक सूत्र ने स्पेनिश ट्रिलॉजी 'कुलपेबल्स' के देसी वर्जन की जानकारी दी।
उन्होंने कहा, "देसी रूपांतरण पर चर्चा चल रही है, और ईशान का नाम भी विचाराधीन नामों में से एक है। लेकिन अभी इसे अंतिम रूप देना जल्दबाजी होगी। इस समय कई बातचीत चल रही हैं।"
सूत्र ने आगे बताया कि फिल्म की मुख्य अभिनेत्री, निर्देशक और प्रोडक्शन हाउस के बारे में जानकारी को फिलहाल के लिए गुप्त रखा जा रहा है।
फिल्म
जानिए क्या है 'कुलपेबल्स' और इसकी कहानी
स्पेनिश ट्रिलॉजी 'कुलपेबल्स' मूल रूप से रोमांटिक-थ्रिलर फिल्मों की ट्रिलॉजी, यानी 3 कड़ियों की सीरीज है।
इसका पहला भाग 'कुल्पा मिया' 2023 में आया था, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। दूसरी कड़ी 'कुल्पा तुया' 2024 में आई, जबकि तीसरी कड़ी 'कुल्पा नुएस्त्रा' पिछले साल आई थी।
यह फिल्म 'निकोलस' और 'नोआ' नाम के किरदारों की एक प्रतिबंधित और जुनूनी प्रेम-कहानी है, जिनका रिश्ता नफरत से शुरू होकर जल्द आकर्षण और अवैध दुनिया के संघर्ष में बदल जाता है।