क्या बंद हो रहा एकता कपूर का 'क्योंकि सास भी कभी...2'? निर्माताओं ने तोड़ी चुप्पी
क्या है खबर?
एकता कपूर के शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' ने दूसरे सीजन के साथ पिछले साल वापसी की। 'तुलसी' के किरदार में दोबारा स्मृति ईरानी को लोग पसंद कर रहे हैं और TRP शीर्ष 10 की सूची में यह लगातार पहले नंबर पर बना हुआ है। हाल ही में, निर्माताओं ने स्पिन-ऑफ 'क्योंकि रिश्तों के भी रूप बदलते हैं' लॉन्च किया है। तब से मूल शो बंद होने की खबर आ रही है, जिस पर निर्माताओं ने प्रतिक्रिया दी।
स्पष्टता
निर्माताओं ने शो बंद होने की स्थिति को स्पष्ट किया
निर्माताओं ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लिखा, 'हमने कुछ मीडिया रिपोर्टों पर ध्यान दिया जो प्रसारित हो रही हैं, जिसमें कहा गया कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' बंद हो रहा है और इसकी जगह 'क्योंकि रिश्तों के भी रूप बदलते हैं' लाया जा रहा है। हम बताना चाहेंगे कि ये रिपोर्टें निराधार हैं; हम 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' को बंद नहीं कर रहे हैं और शो की अभी कोई आखिरी तारीख भी नहीं है।''
प्रतिक्रिया
शो बंद न होने से झूम उठे फैंस
निर्माताओं द्वारा शो बंद होने की अटकलों पर विराम लगाने के बाद लोग भी अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'हम तुलसी और मिहिर को साथ देखना चाहते हैं।' दूसरे ने लिखा, 'क्योंकि 2 और उसका स्पिन-ऑफ KRKBRBH दोनों ही दिलचस्प हैं... मुझे दोनों ही पसंद आ रहे हैं।' एक अन्य ने निर्माताओं का आभार जताते हुए लिखा, 'स्पष्टीकरण के लिए धन्यवाद।' बता दें, 'क्योंकि 2' स्टार प्लस पर हर रात 10:30 प्रसारित होता है।