LOADING...
IIFA 2023 का कार्यक्रम हुआ स्थगित, घोषित की गई नई तारीख
अब फरवरी में नहीं मई में आयोजित होगा IIFA 2023

IIFA 2023 का कार्यक्रम हुआ स्थगित, घोषित की गई नई तारीख

Jan 06, 2023
09:11 pm

क्या है खबर?

अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (IIFA) के वार्षिक उत्सव का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। इस बात की जानकारी IIFA के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा कर दी गई है। पहले इस कार्यक्रम की शुरुआत 9 फरवरी, 2023 से होने वाली थी, वहीं अब 23वें संस्करण का आयोजन 26 मई से होगा। कार्यक्रम में बदलाव क्यों किया गया है, अभी इस बात की कोई जानकारी नहीं दी गई है।

नॉमिनेशन

बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई फिल्में IIFA में हुईं नॉमिनेट

हाल ही में IIFA ने 12 पॉपुलर कैटेगरी के नामांकन घोषित किए थे। बीते साल रिलीज हुई 16 हिंदी फिल्मों को IIFA की अलग-अलग कैटेगरीज में नॉमिनेशन मिला। रणबीर कपूर की 'ब्रह्मास्त्र' और आलिया भट्ट की 'गंगूबाई काठियावाड़ी' ने सबसे ज्यादा श्रेणियों में नामांकन हासिल किए। हैरानी वाली बात यह है कि साल 2022 में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई फिल्में भी नामांकन हासिल करने में कामयाब रहीं।

जानकारी

सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ फिल्म का नामांकन

'भूल भुलैया 2', 'डार्लिंग्स', 'दृश्यम 2', 'गंगूबाई काठियावाड़ी' और 'विक्रम वेधा' जैसी सफल और समीक्षकों द्वारा प्रशंसित की गई फिल्मों का नाम सर्वश्रेष्ठ फिल्म की कैटेगरी में नामांकित किया गया है। 'ब्रह्मास्त्र' के लिए अयान मुखर्जी, 'भूल भुलैया 2' के लिए अनीस बज्मी, 'डार्लिंग्स' के लिए जसमीत के रीन, 'गंगूबाई काठियावाड़ी' के लिए संजय लीला भंसाली, 'माेनिका: ओ माई डार्लिंग' के लिए वसन बाला और 'रॉकेट्री' के लिए आर माधवन का नाम सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की कैटेगरी में नामांकित हुआ है।

जानकारी

सर्वश्रेष्ठ कलाकार (अभिनेता और अभिनेत्री)

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की श्रेणी में यामी गौतम धर (ए थर्सडे), तब्बू (भूल भुलैया 2), आलिया भट्ट (डार्लिंग्स, गंगूबाई काठियावाड़ी) और शेफाली शाह (डार्लिंग्स) ने अपने परफॉर्मेंस के दम पर नॉमिनेशन्स हासिल किए हैं। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता में कार्तिक आर्यन (भूल भुलैया 2), अभिषेक बच्चन (दसवीं), अजय देवगन (दृश्यम 2), राजकुमार राव (मोनिका: ओ माय डार्लिंग), अनुपम खेर (द कश्मीर फाइल्स) और ऋतिक रोशन (विक्रम वेधा) का नाम भी नॉमिनेट हुआ है।

डाटा

सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार (अभिनेता और अभिनेत्री)

सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के लिए 'बधाई दो' के लिए शीबा चड्ढा, 'ब्रह्मास्त्र' के लिए मौनी रॉय, 'दसवीं' निमृत कौर, 'दृश्यम 2' के लिए तब्बू और 'मोनिका: ओ माय डार्लिंग' के लिए राधिका आप्टे ने नामांकन अर्जित किया है। वहीं, सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता की रेस में अभिषेक बेनर्जी (भेड़िया), शाहरुख खान (ब्रह्मास्त्र), विजय राज (गंगूबाई काठियावाड़ी), अनिल कपूर (जुगजग जियो) और सिकंदर खेर (मोनिका: ओ माई डार्लिंग) का नाम शामिल है।