'इंडियाज गॉट लेटेंट 2': मुकेश छाबड़ा और नेटफ्लिक्स के खिलाफ शिकायत दर्ज, जानिए पूरा मामला
क्या है खबर?
समय रैना का शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' किसी न किसी कारण से लगातार विवादों में घिरा हुआ है। कुछ दिन पहले, अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी, कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा, भुवन बाम और स्टैंड-अप कॉमेडियन कौस्तुभ अग्रवाल पैनलिस्ट बनकर शो में आए थे। एपिसोड में कथित तौर पर अनुचित भाषा और टिप्पणियों के इस्तेमाल को लेकर कास्टिंग डायरेक्टर और नेटफ्लिक्स इंडिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत अनुराग श्रीवास्तव नाम के एक व्यक्ति द्वारा कराई गई।
आपत्ति
अनुराग ने एपिसोड देखने के बाद जताई आपत्ति
IANS के मुताबिक, अनुराग ने अपनी शिकायत में कहा कि 22 सितंबर की शाम मुंबई के एक होटल के कमरे में वह लैपटॉप पर नेटफ्लिक्स देख रहे थे। उसी दौरान उन्होंने 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' का यह एपिसोड देखा।
उन्होंने कहा कि मुकेश को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया, "मेरे आराम नगर में आओ, ग**** म*****।"
शिकायतकर्ता ने कथित टिप्पणियों को अनुचित पाया और उन्हें 'अत्यंत आपत्तिजनक और यौन उत्तेजक' बताया।
जांच
निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच की अपील
शिकायतकर्ता ने अनुरोध किया कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मामले की जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध कराए जाने से पहले नेटफ्लिक्स इंडिया द्वारा सामग्री की मंजूरी में निभाई गई भूमिका पर भी सवाल उठाए।
फिलहाल, इस शिकायत पर मुकेश या नेटफ्लिक्स इंडिया की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बता दें, 'इंडियाज गॉट लेटेंट' का पहला सीजन भी रणवीर अल्लाहबादिया द्वारा एक अश्लील टिप्पणी को लेकर कानूनी विवादों में घिरा था।