रणबीर कपूर को 'श्रीराम' बनते देखने के लिए उतावले हैं इम्तियाज, तारीफ में कही ये बात
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की पौराणिक महाकाव्य 'रामायण' 2026 की सबसे प्रतिक्षित फिल्मों में से एक है। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में उन्हें भगवान श्रीराम के किरदार में देखा जाएगा, जिसकी झलक इसी साल जारी की गई थी। इस बीच, निर्देशक इम्तियाज अली ने रणबीर की तारीफ करते हुए उन्हें इस किरदार में देखने की अपनी इच्छा जताई। उन्होंने यह भी बताया कि श्रीराम का किरदार निभाना अभिनेता के लिए क्यों फायदेमंद साबित होगा।
कारण
रणबीर कपूर लेते हैं अपने किरदारों से प्रेरणा
फिल्मीबीट से बातचीत में, इम्तियाज ने कहा, "राम का किरदार निभाना रणबीर के लिए बेहद फायदेमंद होगा क्योंकि वे ऐसे अभिनेता हैं जो किरदार से प्रेरणा लेते हैं। वे राम से सीखेंगे और यह उनके लिए बहुत ज्ञानवर्धक होगा।" उन्होंने अभिनेता की तारीफ करते हुए कहा, "रणबीर एक अभिनेता के तौर पर हर तरह की भूमिका निभा सकते हैं। उन्हें अलग-अलग तरह के किरदार निभाने चाहिए, और जब वे अलग-अलग किरदार निभाएंगे, तो वे उनमें ढल जाएंगे।"
वास्तविकता
राम के किरदार में वास्तविकता ला सकते हैं रणबीर
निर्देशक ने आगे कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि वे भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं क्योंकि वे इस किरदार में एक खास तरह का प्रभाव और वास्तविकता ला सकते हैं। भगवान राम के किरदार को मानवीय और व्यक्तिगत तरीके से निभाना अच्छा रहेगा।" बता दें, 'रामायण' में रणबीर के अलावा साई पल्लवी, यश, सनी देओल और लारा दत्ता जैसे कई सितारे शामिल हैं। फिल्म की पहली कड़ी दिवाली, 2026 के अवसर पर सिनेमाघरों का रुख करेगी।