'मैं वापस आऊंगा' ने सिनेमाघरों में पूरे किए 50 दिन, अब इस OTT प्लेटफॉर्म पर मचाएगी धमाल
इम्तियाज अली की रोमांटिक ड्रामा 'मैं वापस आऊंगा' ने सिनेमाघरों में अपने 50 दिन पूरे कर लिए हैं। फिल्म अब 100 करोड़ रुपये की कमाई के करीब पहुंच गई है।
दिलजीत दोसांझ और नसीरुद्दीन शाह जैसे सितारों से सजी यह फिल्म 12 जून को रिलीज हुई थी। शुरुआत में इसकी रफ्तार भले ही धीमी रही, लेकिन शानदार रिव्यू और दर्शकों के बीच इसकी अच्छी चर्चा ने इसे जबरदस्त बूस्ट दिया।
इसी वजह से फिल्म अब तक दुनियाभर में करीब 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूने वाली है।
'मैं वापस आऊंगा' 7 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज
इम्तियाज ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के 50 दिन पूरे होने पर खुशी जताई। उन्होंने इस उपलब्धि को 'रेयर फीट' बताया और उन सभी प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया, जो फिल्म की कहानी से जुड़ पाए।
बंटवारे के दौर में 2 पीढ़ियों की कहानी को दिखाती इस फिल्म में वेदंग रैना और शरवरी ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। अगर आप सिनेमाघरों में यह फिल्म नहीं देख पाए, तो चिंता की कोई बात नहीं।
यह 7 अगस्त को OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है। खास बात यह है कि इम्तियाज इसी साल शरवरी और वेदंग रैना के साथ एक और रोमांटिक ड्रामा फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं।