पिता ऋतिक रोशन की विरासत को आगे बढ़ाएंगे हृदान रोशन? पोस्ट से मिला संकेत
क्या है खबर?
ऋतिक रोशन बतौर अभिनेता पिछले कई साल से दर्शकों का मनोरंजन करते आ रहे हैं। 'कृष 4' के जरिए वह निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। यह ठीक वैसे ही है, जैसे राकेश रोशन ने अभिनय के बाद निर्देशन में अपनी धाक जमाई। अब लगता है कि रोशन परिवार की इस विरासत को आगे बढ़ाने का काम ऋतिक के बेटे हृदान रोशन करेंगे। दरअसल, 17 वर्षीय हृदान फिल्म निर्माण की पढ़ाई करने के लिए विदेश जा रहे हैं।
तस्वीर
हृदान रोशन की तस्वीर वाले पोस्ट से मिला संकेत
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, हृदान दक्षिणी कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में फिल्म निर्माण की पढ़ाई के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका जा रहे हैं। उनके पुराने स्कूल, अमेरिकन स्कूल ऑफ बॉम्बे ने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा किया, जिसमें उनके बचपन की तस्वीर है, जिसके नीचे UHC का लोगो है। कैप्शन में लिखा है, 'हमें यह जानकर कोई आश्चर्य नहीं हुआ कि हृदान UHC में फिल्म और टीवी प्रोडक्शन की पढ़ाई कर रहे हैं! बधाई हो हृदान, हमें आप पर बहुत गर्व है।'
बधाई
परिवार की ओर से बधाई का तांता लगा
पोस्ट वायरल होने के बाद लोग भी हृदान को नई शुरुआत के लिए बधाई दे रहे हैं। यही नहीं, उनकी मां और ऋतिक की पूर्व पत्नी सुजैन खान ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है जो पोस्ट की प्रमाणिकता की पुष्टि करता है। हृदान, ऋतिक और सुजैन के छोटे बेटे हैं, जबकि बड़े बेटे का नाम रेहान रोशन है। अब जब उन्होंने फिल्म निर्माण की पढ़ाई शुरू की है, तो अटकलें हैं कि वह 'पारिवारिक परंपरा' आगे बढ़ा सकते हैं।