ऋतिक रोशन के माता-पिता ने किराये पर दिया अपना फ्लैट, 3 साल के लिए हुआ समझौता
क्या है खबर?
ऋतिक रोशन के पिता और दिग्गज अभिनेता राकेश रोशन अपने रियल एस्टेट लेनदेन को लेकर चर्चा में हैं। सीआरई मैट्रिक्स द्वारा प्राप्त संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों के अनुसार, उन्हाेंने अपनी पत्नी पत्नी प्रमिला रोशन के साथ मिलकर मुंबई के जुहू-विले पार्ले डेवलपमेंट (JVPD) स्कीम में स्थित अपना आलीशान फ्लैट किराये पर दिया है। बता दें कि समझौता कुल 3 साल के लिए हुआ है, जिससे दंपति को किराये के रूप में करीब 1.89 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है।
पंजीकरण
इसी महीने किया गया था पंजीकरण
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, राकेश और प्रमिला की यह संपत्ति मुंबई के JVPD स्थित एनएस रोड पर हीरालय बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर स्थित है।
असवारी राजोपाध्ये के साथ यह लीज समझौता 24 अगस्त, 2026 को पंजीकृत किया गया था और लीज अवधि 15 अगस्त, 2026 से प्रभावी हुई।
समझौते में 21.75 लाख रुपये की सुरक्षा जमा राशि शामिल है। हालांकि, सीआरई मैट्रिक्स द्वारा प्राप्त दस्तावेजों में अपार्टमेंट के क्षेत्रफल का उल्लेख नहीं किया गया है।
किराया
हर महीने 5 लाख रुपये मिलेगा मासिक किराया
शुरुआती मासिक किराया 5 लाख रुपये है। 3 साल की अवधि के दौरान किराये में प्रतिवर्ष 5 प्रतिशत की वृद्धि होगी।
पहले साल में मासिक किराया 5 लाख रुपये होगा, जिससे वार्षिक आय 60 लाख रुपये होगी। दूसरे साल में 5 प्रतिशत वृद्धि के साथ किराया 5.25 लाख प्रतिमाह हो जाएगा। इससे वार्षिक किराया 63 लाख होगा।
इसी तरह, तीसरे साल में किराया 5 प्रतिशत बढ़कर लगभग 5.51 लाख रुपये हो जाएगा, जिससे वार्षिक किराया लगभग 66.15 लाख रुपये होगा।