दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, हाई कोर्ट को मिला ई-मेल
क्या है खबर?
गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर पीठ को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। पुलिस के अनुसार, यह ईमेल किसी विदेशी नेटवर्क के IP एड्रेस से भेजा गया लगता है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए भेजने वाले की सही लोकेशन और पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है, वहीं सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
सतर्कता
अलर्ट पर पुलिस, हाई कोर्ट और जजों की सुरक्षा बढ़ाई गई
ईमेल में दिलजीत के स्टेज को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है और कोई जोखिम नहीं ले रही।
ग्वालियर पुलिस प्रमुख सुकीर्ति सोमवंशी ने धमकी भरा मेल मिलने की पुष्टि की है। इसके बाद हाई कोर्ट परिसर और जजों के आवासों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है। पुलिस धमकी देने वाले का IP एड्रेस ट्रेस करने में जुटी है।
हौसला
धमकी के बाद भी डिगा नहीं दिलजीत का हौसला
दिलजीत ने 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से अपने 'औरा टूर' की शुरुआत की थी।
7 नवंबर को उन्होंने इंदौर दौरे का जिक्र करते हुए वहां के मशहूर पोहे की तारीफ की थी।
धमकी की खबरों पर दिलजीत ने कहा था, "मैं 15 नवंबर को इंदौर जरूर आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा। लोग कुछ भी कहें, लेकिन मैं प्रशंसकों से जरूर मिलूंगा। मैंने खतरों के बारे में सुना है, लेकिन हमें इनसे निपटना आता है।"
धमकियां
भारत से लेकर विदेश तक खालिस्तान समर्थकों के निशाने पर दिलजीत
भारत में दौरा शुरू होने के बाद से पंजाबी गायक को लगातार बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं।
2 नवंबर को इंदौर के 3 प्राइवेट स्कूलों और मेयर के घर को भी दिलजीत के कॉन्सर्ट से जुड़े धमकी भरे मेल मिले थे। शुरुआती जांच में इन्हें अफवाह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर खतरे को गंभीरता से ले रही है।
गायक को विदेश में भी खालिस्तान समर्थकों से धमकियां मिलती रही हैं।
साजिश
कनाडा से भारत विरोधी साजिश
कनाडा की खुफिया एजेंसी CSIS की रिपोर्ट के अनुसार,वहां सक्रिय खालिस्तानी चरमपंथियों ने आम लोगों और स्थानीय संस्थाओं में गहरी पैठ बना ली है।
ये गुट स्थानीय संगठनों का इस्तेमाल अपनी हिंसक विचारधारा फैलाने के लिए करते हैं।
इसके अलावा ये संगठन मदद के नाम पर लोगों से भारी चंदा इकट्ठा करते हैं और उस पैसे का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधियों व हिंसा को बढ़ावा देने में करते हैं, जिससे अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।