Page Loader
रक्षाबंधन: बॉलीवुड की चहेती भाई-बहनों की जोड़ी, जिन पर प्रशंसक भी लुटाते हैं प्यार
बॉलीवुड की लोकप्रिय भाई-बहन की जोड़ी

रक्षाबंधन: बॉलीवुड की चहेती भाई-बहनों की जोड़ी, जिन पर प्रशंसक भी लुटाते हैं प्यार

Aug 30, 2023
11:36 am

क्या है खबर?

भाई-बहन सबसे पहले हमारे दोस्त बनते हैं, जो हमेशा हमारा संबल बनकर खड़े होते हैं। उनसे कितनी भी भौतिक दूरी हो, वे हमेशा हमारे सबसे करीबी लोगों में शुमार होते हैं, जिनसे हम अपने सारे खुशी और गम बांट सकते हैं। भाई-बहन के त्यौहार रक्षाबंधन के मौके पर हर कोई इस रिश्ते की मिठास में सराबोर है। बॉलीवुड हस्तियों के लिए भी यह कुछ अलग नहीं है। नजर डालते हैं, बॉलीवुड के चर्चित भाई-बहनों की जोड़ी पर।

#1

अभिषेक बच्चन-श्वेता नंदा

बच्चन परिवार बॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित परिवारों में से एक है। अक्सर त्यौहारों पर पूरा बच्चन परिवार साथ में नजर आता है। अभिषेक बच्चन और श्वेता नंदा हमेशा से मीडिया की चहेती भाई-बहन की जोड़ी रही है। कई इंटरव्यू में अभिषेक उनके साथ अपने बचपन की यादों के बारे में बता चुके हैं। अभिषेक अभिनय की दुनिया में खुद को स्थापित कर चुके हैं, जबकि श्वेता पेशे से से पत्रकार और लेखक रही हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

अभिषेक और श्वेता के साथ अमिताभ-जया

#2

सैफ अली खान-सोहा अली खान

भाई-बहन की नवाब जोड़ी सैफ अली खान और सोहा अली खान अपनी शालीनता के लिए खूब पसंद किए जाते हैं। दोनों एक-दूसरे के परिवारों के साथ अक्सर छुट्टियां मनाते नजर आते हैं। दोनों पर्दे पर अपना दमखम दिखा चुके हैं। सोहा फिलहाल लंबे समय से कैमरे से दूर हैं। अभिनय के लिए प्यार के अलावा दोनों कई समान शौक रखते हैं। दोनों को ही पढ़ना बेहद पसंद है और अपने मजाकिया मिजाज के लिए जाने जाते हैं।

#3

फरहान अख्तर-जोया अख्तर

भाई बहन की इस जोड़ी ने बॉलीवुड को कई दमदार फिल्में दी हैं। लोकप्रिय लेखक-गीतकार जावेद अख्तर के ये दोनों बच्चे बेहतरीन फिल्म निर्माता हैं। जोया अख्तर की 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' और 'दिल धड़कने दो' जैसी फिल्मों में फरहान अख्तर अभिनय भी कर चुके हैं। फरहान बॉलीवुड के सफल अभिनेता, निर्देशक, लेखक और निर्माता हैं। उन्होंने 'दिल चाहता है, 'डॉन', 'लक्ष्य' जैसी बेहतरीन फिल्मों का निर्देशन किया है। हाल ही में उन्होंने 'डॉन 3' की घोषणा की है।

#4

हुमा कुरैशी-साकिब सलीम

हुमा कुरैशी और साकिब सलीम की जोड़ी अपनी शरारतों के लिए खूब पसंद किए जाती है। दोनों अक्सर पपराजियों के सामने, तो कभी रिएलिटी शो में एक-दूसरे की टांग खींचते नजर आते हैं। दोनों जब 'द कपिल शर्मा शो' में आए थे, तो एक-दूसरे के बचपन के कई पोल खोले थे। हुमा ने बॉलीवुड में 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' से लोकप्रियता हासिल की थी। साकिब वेब सीरीज 'रंगबाज' और '83', 'रेस 3' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं।

#5

सलमान खान-अर्पिता खान

सलमान खान का अपनी बहनों के लिए प्यार किसी से छिपा नहीं है। वह इंस्टाग्राम पर अक्सर अपनी बहनों के साथ तस्वीरें साझा करते हैं। इतना ही नहीं, अपनी बहनों के बच्चों के साथ भी वे खूब मस्ती करते दिखाई देते हैं। सलमान के कोर्ट ट्रायल्स के दौरान बहन अलवीरा मजबूती से उनके साथ बनी हुई थीं। 2014 में अर्पिता की धूमधाम से हुई शादी के बाद से अक्सर सलमान और अर्पिता भी चर्चा में रहते हैं।