हरियाणवी गायक अंकित बालियान को 20 गोलियों से भूना, जानिए कौन थे ये उभरते स्टार
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के शामली में मशहूर हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिम के बाहर घात लगाए 4 अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ लगभग 20 राउंड गोलियां बरसाईं। सिर में गोली लगने समेत कई गंभीर चोटों के कारण अंकित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आइए जानते हैं कि कौन थे अंकित बालियान और कैसे वो कम उम्र में ही संगीत जगत में अपनी खास पहचान बनाने में कामयाब रहे।
दुखद
अपने ही हिट गाने जैसा हुआ अंकित का दर्दनाक अंत
35 वर्षीय गायक अंकित बालियान शाम लगभग 7 बजे जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
शूटरों के फरार होने से पहले ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
ये खौफनाक वारदात उनके सुपरहिट गाने 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' की हिंसक पंक्तियों से मिलती-जुलती है, जिससे इस घटना ने एक बेहद डरावना और दुखद रूप ले लिया है।
फायरिंग
कार के पास पहुंचते ही 3-4 हमलावरों ने बोला धावा
पुलिस के अनुसार, अंकित जिम से वर्कआउट खत्म कर 20-25 मीटर दूर अपनी कार के पास पहुंचे ही थे कि 3 से 4 हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।
अंकित अपने संगीत करियर के सिलसिले में लंबे समय से हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रह रहे थे। वो पिछले 1 साल से शामली के इसी जिम में आ रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोनीपत के एक बदमाश भोलू शाहपुरिया ने अंकित की हत्या की जिम्मेदारी ली है।
तैयारी
जिला पंचायत चुनाव लड़ने वाले थे अंकित
अंकित उत्तर प्रदेश के शामली जिले के बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले एक लोकप्रिय हरियाणवी गायक, अभिनेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थे।
वो राज्य स्तर के कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके थे। 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' गाने से पहचान बनाने वाले अंकित शुरुआती दिनों में गांव में ही मोबाइल फोन की दुकान चलाते थे। हालांकि, इसके बाद उन्होंने गायकी में हाथ आजमाया था।
अंकित फिटनेस-ब्लॉगिंग करने के साथ ही जिला पंचायत चुनाव लड़ने की भी तैयारी कर रहे थे।
पहचान
खुद ही गायक और खुद ही निर्माता
अंकित बालियान अपने देसी अंदाज, हरियाणवी पॉप गानों और पॉडकास्ट के लिए जाने जाते थे। उनके गानों में गांव का माहौल, युवाओं की प्रतिभा, लोकल राजनीति और 'गैंगस्टर स्वैग' साफ झलकती थी। बंदूकों के कल्चर और दबंगई वाले गानों की वजह से ही वो युवाओं और सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुए थे।
अंकित सिर्फ एक गायक ही नहीं थे, बल्कि वो खुद ही अपने प्रोजेक्ट्स के निर्माता भी हुआ करते थे।
लोकप्रियता
दसों चर्चित गाने और दिग्गजों संग काम
अंकित ने मासूम शर्मा, राजू पंजाबी और आशु ट्विंकल जैसे हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकारों के साथ मिलकर कई हिट गानों में काम किया था।
अंकित बालियान उत्तर प्रदेश-हरियाणा के नेताओं के इंटरव्यू और राजनीतिक पॉडकास्ट भी करते थे।
उन्होंने '112 NE', 'गोली के बारूद', 'जाट जातनी', 'मोदी बर्गा रुतबा' और 'सिस्टम' जैसे कई चर्चित गाने गाए, लेकिन उनकी हत्या के बाद उनका सुपरहिट गाना 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' फिर चर्चा में आ गया।