बादशाह के 'टटीरी' गाने पर बढ़ी सख्ती, यूट्यूब-इंस्टाग्राम से हटवाए गए 857 लिंक
क्या है खबर?
रैपर बादशाह अपने हालिया रिलीज गाने 'टटीरी' को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। हाल ही में, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने गाने में कथित अश्लीलता के चलते उन्हें नोटिस जारी किया था। अब हरियाणा पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई पर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से 'टटीरी' गाने के 857 लिंक हटवा दिए हैं। यह कार्रवाई ऐसे वक्त में सामने आई है, जब रैपर के खिलाफ हरियाणा में कई FIR दर्ज हुईं।
कार्रवाई
यूट्यूब पर माैजूद थे 154 वीडियाे
मिड-डे के मुताबिक, पंचकुला पुलिस द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 'टटीरी' गाने से संबंधित कुल 857 लिंक हटवाए हैं। इनमें यूट्यूब पर 154 वीडियो और इंस्टाग्राम पर 703 रील शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के साथ समन्वय में और उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। इस कार्रवाई का मकसद आपत्तिजनक सामग्री, विशेष रूप से गाने के बोल और सामग्री पर रोक लगाना है।
बयान
"आपत्तिजनक सामग्री बर्दाश्त नहीं होगी"
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के मुताबिक, राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा का उल्लंघन का उल्लंघन करने वाली किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 'टटीरी' जैसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें, 'टटीरी' एक हरियाणवी हिप-हॉप गाना है, जिसे बादशाह और सिमरन जगलान ने आवाज दी है। इसे संगीत माही संधू ने दिया है, जबकि गाने के वीडियो का निर्देशन जोबन संधू ने किया है।