बॉक्स ऑफिस: 'हनुमान अंश' ने बिगाड़ा 'दायरा' और 'वाइब' का खेल, डालें कमाई पर नजर
क्या है खबर?
बाबा नीम करोली की जिंदगी पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' का दबदबा बॉक्स ऑफिस पर जारी है। विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित इस बायोपिक ड्रामा को रिलीज के 46 दिन पूरे हो चुके हैं। इसके बावजूद फिल्म की दैनिक कमाई निर्माताओं को निराश नहीं कर रही। इसका असर करीना कपूर की फिल्म 'दायरा' और कुणाल खेमू की फिल्म 'वाइब' पर पड़ा है, जो रिलीज के पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो गईं। आइए देखें फिल्मों की ताजा कमाई।
कमाई
'हनुमान अंश' घरेलू स्तर पर 300 करोड़ पर जमाए है नजर
सैकनिल्क के मुताबिक, 'हनुमान अंश' ने रिलीज के 46वें दिन 4.90 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह आंकड़े 45वें दिन हुई कमाई (4.15 करोड़) के मुकाबले ज्यादा हैं।
इसका मतलब है कि फिल्म की दैनिक कमाई में आगे भी बढ़ाेतरी की पूरी उम्मीद की जा सकती है।
फिल्म का नेट कलेक्शन 280.93 करोड़ रुपये हो चुका है और जल्द यह 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है।
विश्व स्तर पर यह 366.45 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार कर चुकी है।
अन्य फिल्में
'दायरा' और 'वाइब' का सफर अभी से डगमगाया
करीना और पृथ्वीराज सुकुमारन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'दायरा' 18 सितंबर को रिलीज हुई थी।
बॉक्स ऑफिस पर इसने 5वें दिन सिर्फ 50 लाख रुपये कमाए और इसका कुल कलेक्शन 5.50 करोड़ रुपये हुआ है।
कुणाल की फिल्म 'वाइब' को 5वें दिन थोड़ी बढ़त मिली है। इसने 1.15 करोड़ रुपये कमाए जिससे कुल कलेक्शन 9.50 करोड़ रुपये हुआ है।
अब इनकी राह का रोड़ा बनने सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वन' (25 सितंबर) आ रही है।