अक्षय कुमार ने दिखाई 'हैवान' की पहली खूंखार झलक, सैफ अली खान के साथ मचाएंगे तबाही
क्या है खबर?
बॉलीवुड के 2 बड़े कलाकार अक्षय कुमार और सैफ अली खान के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से चर्चा में रही उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'हैवान'का पहला लुक आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया गया है, जिसका उनके प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार था। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की पहली झलक देख लोग इसे इस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं। आइए जानें फिल्म में किस अंदाज में नजर आएंगे सैफ और अक्षय।
लुक
दमदार लुक ने जीता फैंस का दिल
रिलीज हुए पहले लुक में अक्षय और सैफ का बेहद प्रभावशाली अवतार नजर आ रहा है।
पोस्टर में दोनों के चेहरे के हाव-भाव और उनका लुक फिल्म की थ्रिलर और एक्शन से भरपूर थीम की ओर इशारा कर रहा है।
सालों बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही इस शानदार जोड़ी का ये नया रूप सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए फिल्म के दमदार पोस्टर
One sees everything,
— Akshay Kumar (@akshaykumar) July 15, 2026
One misses nothing,
Haiwaniyat ab nahin rukegi!#Haiwaan arrives in cinemas on 11th September! pic.twitter.com/q5eACFGXr1
पोस्ट
हैवानियत अब नहीं रुकेगी- अक्षय
अक्षय ने लुक साझा कर लिखा, 'एक सब कुछ देखता है, एक से कुछ नहीं बचता, हैवानियत अब नहीं रुकेगी।'
इस दमदार कैप्शन के सामने आते ही फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है।
एक ने लिखा, 'यह पक्का ब्लॉकबस्टर होगी और बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचाएगी।'
दूसरे ने लिखा, 'इन्हें देखकर 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' की यादें ताजा हो गईं।' फैंस का मानना है कि अक्षय और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर इतिहास रचेगी।
वापसी
18 साल बाद अक्षय-सैफ की बड़े पर्दे पर वापसी
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे सफल जोड़ियों में से एक रही है। इससे पहले दोनों ने 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी', 'ये दिल्लगी', और 'टशन' जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। अब सालों बाद दोनों को एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ देखना फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है।
साल 2008 में दोनों 'टशन' में साथ दिखे थे। अब 18 साल बाद सैफ-अक्षय की जोड़ी पर्दे पर लौट रही है।
रिलीज
कब रिलीज होगी 'हैवान'?
'हैवान' का प्रचार शुरू हो गया है। जिस तरह से इसे लेकर तैयारी की जा रही है, उससे साफ है कि ये इस साल की सबसे धमाकेदार फिल्मों में से एक होने वाली है। सिनेमाघरों में इस फिल्म को लेकर अभी से ही जबरदस्त माहौल बनने लगा है।
फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले वेंकट के नारायण और शैलजा देसाई फेन कर रहे हैं।
'हैवान' 11 सितंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।