'है जवानी तो इश्क...' पर भारी पड़ी राम चरण की 'पेड्डी', कर डाली इतनी कमाई
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त बॉलीवुड और साउथ की फिल्मों ने अपना दबदबा बना रखा है। एक तरफ सुपरस्टार राम चरण की स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म 'पेड्डी' की तूफानी कमाई लगातार जारी है। दूसरी ओर, वरुण धवन की रोमांटिक कॉमेडी 'है जवानी तो इश्क होना है' अपना कब्जा जमाए बैठी है। साथ में बॉबी देओल की फिल्म 'बंदर' भी मौजूद हैं। कारोबारी दिनों में तीनों फिल्मों की कमाई ने क्या कमाल दिखाया है? कलेक्शन पर डालिए एक नजर।
कमाई
'पेड्डी' ने सोमवार को भी दिखाया दम, जल्द बनेगी 200 करोड़ी फिल्म
सैकनिल्क के मुताबिक, 4 जून को रिलीज हुई 'पेड्डी' ने 5वें दिन, यानी पहले सोमवार को 12.05 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया है। इसमें तेलुगु संस्करण से 10.40 करोड़, हिंदी से 1.40 करोड़, तमिल से 15 लाख, कन्नड़ से 7 लाख और मलयालम संस्करण से 3 लाख रुपये की कमाई शामिल है। फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 169.70 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 248.92 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
अन्य फिल्में
'है जवानी तो इश्क...' की कमाई में गिरावट, 'बंदर' का निकला दम
वरुण, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े अभिनीत 'है जवानी तो इश्क होना है' ने रिलीज के चौथे दिन 3.50 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसने तीसरे दिन, यानी रविवार को 9 करोड़ रुपये कमाए थे। कारोबारी दिनों में लौटकर इसे बड़ी गिरावट का सामना करना पड़ा है। इस तरह फिल्म का कुल कलेक्शन अब 27.50 करोड़ रुपये हो गया है। बॉबी की फिल्म 'बंदर' ने चौथे दिन महज 30 लाख रुपये कमाए। इसका कुल कलेक्शन अब 2.75 करोड़ रुपये हुआ है।