वरुण धवन की फिल्म 'है जवानी तो...' का ट्रेलर लाॅन्च कार्यक्रम रद्द, आखिर कहां फंसा पेंच?
क्या है खबर?
वरुण धवन अभिनीत फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' लंबे समय से चर्चा बटोरती आई है। टिप्स फिल्म्स प्रोडक्शन द्वारा निर्मित इस फिल्म का ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम 21 फरवरी के लिए मुंबई में निर्धारित किया गया था, लेकिन हालिया अपडेट फैंस का दिल तोड़ सकता है। दरअसल, ट्रेलर रिलीज का कार्यक्रम आखिरी वक्त पर रद्द कर दिया गया है। निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए घोषणा की है और इसके पीछे का कारण भी बताया है।
वजह
इस कारण रद्द हुआ ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम
निर्माताओं ने एक्स पर ऐलान करते हुए लिखा, 'हमें ये सूचित करते हुए खेद हो रहा है कि आज होने वाला है जवानी तो इश्क होना है के ट्रेलर लॉन्च का कार्यक्रम अप्रत्याशित तकनीकी समस्याओं से रद्द कर दिया गया है।' उन्हाेंने माफी मांगते हुए लिखा, 'हम आपको हुई किसी भी असुविधा के लिए तहे दिल से माफी मांगते हैं और आपकी निरंतर समझदारी व सहयोग के आभारी हैं। हम जल्द ट्रेलर आपके साथ साझा करने के लिए उत्सुक हैं।'
ऐलान
एक दिन पहले निर्माताओं ने किया था ऐलान
डेविड धवन द्वारा निर्देशित इस फिल्म के ट्रेलर रिलीज का ऐलान निर्माताओं ने एक दिन पहले किया था। हालांकि, निर्माताओं के इस ऐलान से फैंस मायूस हो गए हैं। अब देखना होगा कि फिल्म का ट्रेलर कब तक जारी होगा। अभी आधिकारिक तारीख नहीं बताई गई है। फिल्म पर बात करें, तो इसमें वरुण के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े भी मुख्य किरदार में हैं। यह रोमांटिक कॉमेडी 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।