गुरु रंधावा के जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी
क्या है खबर?
देश की राजधानी दिल्ली में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला दिल्ली के एक रिहायशी इलाके पश्चिम विहार का है, जहां मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम 24 HS फिटनेस को निशाना बनाते हुए बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के कुछ ही देर बाद कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पोस्ट
सोशल मीडिया पर अनिल पंडित का पोस्ट वायरल
वारदात के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित नाम के एक हैंडल से किया गया फेसबुक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में दावा किया गया है कि जिस जिम को निशाना बनाया गया, वो पंजाबी गायक गुरु रंधावा का है। पोस्ट में हमले की वजह बताते हुए लिखा गया है कि गायक के कथित तौर पर अभिनेता सलमान खान के करीबी होने के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
दावा
सलमान खान के करीबी होने की मिली सजा?
वायरल हो रहे कथित पोस्ट में लिखा है, "जय महाकाल... जय श्री राम। राम-राम सभी भाइयों को। आज जो यह '24 HS फिटनेस' दिल्ली (गुरु रंधावा के जिम) पर फायरिंग हुई है, वो मैंने अनिल पंडित (USA) और लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने की है। ये सलमान खान के कुछ ज्यादा ही करीब हो रहा था। इसको पहले भी समझाया था कि इससे दूर रहो, ये हमारा दुश्मन है, लेकिन इसको समझ नहीं आई।'
चेतावनी
दुश्मनों और देशद्रोहियों' को दी सरेआम धमकी
पोस्ट में आगे लिखा है, 'जितने भी हमारे दुश्मन हैं, वो किसी भी कोने में छुप जाएं, जल्दी ही सबसे मुलाकात होगी। वेट एंड वॉच।' पोस्ट के आखिर में एक नोट भी लिखा है, 'और जितने भी ये देशद्रोही हैं] जो देश के खिलाफ साजिश रचते हैं, दुनिया के किसी भी कोने में छुप जाना, वहीं पर ही मारेंगे।' हालांकि, इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना और जांच
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे बाइक सवार 2 बदमाश रंधावा के जिम के बाहर पहुंचे और 7 राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, जबकि फॉरेंसिक टीम सबूत जुटाने में लगी है। जांच एजेंसियां फायरिंग के पीछे की वजह और वायरल पोस्ट व ऑडियो के कनेक्शन की पड़ताल कर रही हैं।