LOADING...
गुरु रंधावा शूटिंग के दौरान हुए बुरी तरह चोटिल, अस्पताल में भर्ती; बोले- हौसला बरकरार है
गुरु रंधावा को लगी चोट

गुरु रंधावा शूटिंग के दौरान हुए बुरी तरह चोटिल, अस्पताल में भर्ती; बोले- हौसला बरकरार है

Feb 23, 2025
03:58 pm

क्या है खबर?

जाने-माने गायक गुरु रंधावा एक हादसे का शिकार हो गए हैं। दरअसल, हाल ही में वह फिल्म 'शौंकी सरदार' की शूटिंग कर रहे थे और इसी दौरान उनके साथ एक दुर्घटना हो गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर अस्पताल के बेड पर लेटे हुए अपनी एक तस्वीर प्रशंसकों के साथ साझा की और बताया कि पहली बार उन्होंने फिल्म के लिए स्टंट किया और उनके साथ ऐसा हादसा हो गया। आइए जानें गुरु ने अपने पोस्ट में क्या लिखा।

पोस्ट 

क्या लिखा गुरु ने?

गुरु ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'मेरा पहला स्टंट, मेरी पहली चोट, लेकिन मेरा हौसला बरकरार है। 'शौंकी सरदार' फिल्म के सेट से एक याद। बहुत मुश्किल काम है एक्शन वाला, लेकिन अपने दर्शकों के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।' गुरु के पोस्ट पर अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने हैरानी जताते हुए लिखा, 'क्या?' गायक मीका सिंह ने लिखा, 'जल्दी ठीक हो जाओ।' अनुपम खेर ने लिखा, 'आप अच्छे इंसान हैं। जल्द ठीक हो जाएंगे।'

चिंता

परेशान हुए प्रशंसक

गुरु की तस्वीर देख उनके प्रशंसक हैरान-परेशान हैं। एक ने लिखा, 'आपको किसी चीज में इतना खुद को झोंक देने की जरूरत नहीं है, हम आपके म्यूजिक से वैसे की खुश हैं। आप बस जल्दी ठीक हो जाएं।' एक लिखते हैं, 'हे भगवान। ये क्या हो गया? काम के लिए जान दांव पर मत लगाओ।' एक कमेंट है, 'आपको देखकर सचमुच जोर का झटका लगा है।' एक लिखते हैं, 'आपको हम ऐसे नहीं देख सकते। अपना ध्यान रखा करो प्लीज।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए तस्वीर

फिल्म

फिल्म 'शौंकी सरदार' कब होगी रिलीज

बता दें कि फिल्म 'शौंकी सरदार' अगले साल रिलीज होने वाली है। इसमें गुरु के साथ अभिनेत्री निमृत अहलूवालिया नजर आएंगी। यह फिल्म प्यार, वफादारी और सांस्कृतिक गौरवर की एक मार्मिक कहानी दर्शकों के बीच पेश करने वाली है। इसका निर्माण गुरु की प्रोडक्शन कंपनी 751 फिल्म्स केबैनर तले किया जा रहा है, वहीं फिल्म के निर्देशन की कमान धीरज रतन संभाल रहे हैं। प्रशंसकों को उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।

करियर

कई हिट गाने दे चुके गुरु

गुरु को 'पटोला-पटोला' गाने ने रातों-रात स्टार बना दिया था। 'लाहौर', 'हाई रेटेड गबरू', 'तेनू सूट सूट करदा' और 'बन जा तू मेरी रानी' जैसे कई गानों को वह अपनी आवाज दे चुके हैं। देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में गुरु अपनी प्रतिभा का डंका बजा चुके हैं। गायकी के साथ-साथ वह अभिनय में भी हाथ आजमा रहे हैं। उन्होंने सई मांजरेकर के साथ फिल्म 'कुछ खट्टा हो जाए' के साथ अभिनय जगत में अपने करियर की शुरुआत की थी।