Loading...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचा दलेर मेहंदी के अपमान का मामला, FWICE ने लिखी चिट्ठी
दलेर मेहंदी विवाद: FWICE ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचा दलेर मेहंदी के अपमान का मामला, FWICE ने लिखी चिट्ठी

Oct 22, 2026
11:26 am

क्या है खबर?

उत्तराखंड के न्यू टिहरी में नवरात्रि कार्यक्रम के दौरान गायक दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद पर FWICE ने कड़ा रुख अपनाया है। 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है। संस्था ने दलेर मेहंदी के सरेआम हुए अपमान पर गहरी चिंता जताते हुए जनप्रतिनिधियों से कलाकारों के प्रति अधिक संवेदनशीलता और सम्मान दिखाने की मांग की है।

सख्ती

मीका के बाद FWICE सख्त

FWICE ने ये कदम तब उठाया, जब दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह ने उन पर लगे शराब पीने के आरोपों को खारिज किया।

मीका ने कहा कि दलेर जी एक बड़ी सर्जरी से उबर रहे हैं और तबीयत ठीक न होने के बावजूद उन्होंने परफॉर्मेंस दी।

उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल से माफी की मांग की और कार्यक्रम के लिए दलेर को 35 लाख रुपये दिए जाने के दावे की रसीदें सार्वजनिक करने की चुनौती भी दी।

शिकायत

FWICE ने दलेर मेहंदी के अपमान को बताया बेहद दुखद

FWICE ने अपने पत्र में लिखा, 'फिल्म संगठन की ओर से हम मशहूर गायक दलेर मेहंदी से जुड़ी घटना पर गहरी चिंता जताते हैं। एक धार्मिक और नवरात्रि से जुड़े कार्यक्रम में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा दलेर जी को सरेआम फटकार लगाना बेहद दुखद है।"

संस्था के मुताबिक, मंत्री सुबोध उनियाल, दलेर मेहंदी के गाने के दौरान खुद स्टेज पर चढ़ गए। उन्होंने दलेर को सरेआम डांटते हुए तुरंत गाना रोकने को कह दिया।

ADVERTISEMENT

आरोप

FWICE ने मंत्री के आरोपों को बताया गलत

पत्र में कहा गया कि मंत्री ने दलेर जी की शारीरिक हालत, खड़े होने, बोलने की क्षमता और लिप-सिंक पर सवाल उठाए। FWICE के मुताबिक, सार्वजनिक कार्यक्रमों की व्यवस्था जरूरी है, लेकिन ऐसी बातों को सरेआम डांटने के बजाय संवेदनशीलता और समझदारी से सुलझाया जाना चाहिए था।

FWICE ने साफ किया कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं और वो हाल ही में हुई एक बड़ी सर्जरी के बाद स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे।

ADVERTISEMENT

अपमान

दिग्गज कलाकार का सरेआम अपमान सही नहीं- FWICE

FWICE ने अपने पत्र में लिखा कि ऐसी स्थिति में किसी कलाकार पर नतीजे निकालने से पहले संयम बरतना बेहद जरूरी है। किसी भी कलाकार की सेहत से जुड़ी बात को सहानुभूति और पेशेवर तरीके से सुलझाया जाना चाहिए।

संगठन ने देश की संस्कृति में कलाकारों के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि दलेर मेहंदी भारतीय संगीत का बड़ा नाम हैं। इतने दिग्गज कलाकार का सरेआम अपमान पूरे मनोरंजन जगत के लिए बेहद दुखद है।

मांग

FWICE ने प्रधानमंत्री मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से की मांग

FWICE ने प्रधानमंत्री मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि वे संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कलाकारों के साथ व्यवहार करते समय अधिक संवेदनशीलता बरतने की सलाह दें।

संगठन ने कहा कि उसने हमेशा फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े कलाकारों और कर्मचारियों के कल्याण, पेशेवर अधिकारों और सम्मानजनक व्यवहार के लिए काम किया है और उसे उम्मीद है कि उसकी इस चिंता पर उचित ध्यान दिया जाएगा।

ADVERTISEMENT