रितेश देशमुख बने मराठी बॉक्स ऑफिस के 'सुल्तान', इन फिल्मों ने भी की थी शानदार शुरुआत
क्या है खबर?
मराठी सिनेमा के इतिहास में अगर कोई एक नाम बॉक्स ऑफिस का 'सुपरस्टार' बनकर उभरा है, तो वो हैं रितेश देशमुख। रितेश ने 'राजा शिवाजी' के साथ ऐसी सुनामी ला दी है, जिसने सालों पुराने रिकॉर्ड्स की धज्जियां उड़ा दी हैं। 11.35 करोड़ बटोरने वाली इस फिल्म ने 'सैराट' जैसी ऐतिहासिक फिल्म के कीर्तिमान को भी बौना साबित कर दिया है। आइए जानते हैं मराठी सिनेमा की उन 'धाकड़' फिल्मों के बारे में, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की।
#1
'सैराट'
मराठी सिनेमा में सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर की बात हो तो 'सैराट' का नाम सबसे ऊपर आता है। 2016 में रिलीज इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। नागराज मंजुले की इस फिल्म ने पहले दिन 3.60 करोड़ की शानदार कमाई कर ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया था, जिसे तोड़ना नामुमकिन माना जा रहा था। हालांकि, अब रितेश की 'राजा शिवाजी' ने पहले ही दिन 11.35 करोड़ बटोरकर 'सैराट' के इस रिकॉर्ड को बहुत पीछे छोड़ दिया है।
#2
'नटसम्राट'
मराठी सिनेमा में 'नटसम्राट' (2016) एक ऐसी फिल्म है, जिसने न केवल व्यावसायिक सफलता हासिल की, बल्कि अभिनय के नए मापदंड भी स्थापित किए। नाना पाटेकर के शानदार अभिनय से सजी महेश मांजरेकर की फिल्म 'नटसम्राट' ने साल 2016 की शुरुआत में ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। इस फिल्म ने पहले दिन 2.50 करोड़ रुपये के साथ जबरदस्त ओपनिंग ली थी। महज 7 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 50 करोड़ रुपये कमाए थे।
#3
'वेड'
साल 2022 में आई फिल्म 'वेड' ने न केवल रितेश देशमुख को बतौर निर्देशक स्थापित किया, बल्कि मराठी बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए मायने लिखे। रितेश और जेनेलिया डिसूजा की इस जोड़ी ने पहले दिन 2.25 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग लेकर इंडस्ट्री को चौंका दिया था। फिल्म का जादू ऐसा चला कि इसने 75 करोड़ से ज्यादा की कमाई की, जबकि फिल्म को बस 15 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था।
#4
'पावनखिंड'
छत्रपति शिवाजी महाराज के शूरवीर योद्धा बाजीप्रभु देशपांडे के बलिदान पर आधारित फिल्म 'पावनखिंड' ने साल 2022 में बॉक्स ऑफिस पर एक नई लहर पैदा कर दी थी। दिगपाल लांजेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 1.35 करोड़ की ओपनिंग ली, लेकिन दर्शकों के प्यार से 43 करोड़ रुपये से ज्यादा का लाइफटाइम कलेक्शन किया। इस सफलता ने साबित किया कि मराठी दर्शक अपने इतिहास और गौरव को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं।
#5
'बाइपण भारी देवा'
बाइपण भारी देवा भी मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है। साल 2023 में रिलीज हुई केदार शिंदे की इस फिल्म ने साबित कर दिया कि कंटेंट ही असली राजा है। 6 मध्यम आयु वर्ग की बहनों की इस कहानी ने अपने पहले दिन 1.15 करोड़ के साथ धीमी, लेकिन मजबूत शुरुआत की थी। हालांकि, फिल्म ने अपने जबरदस्त कंटेंट के दम पर ऐसी रफ्तार पकड़ी कि इसका लाइफटाइम कलेक्शन 90 करोड़ के पार पहुंच गया।