साउथ फिल्म इंडस्ट्री के ये पांच कलाकार कर चुके हैं हॉलीवुड में काम
क्या है खबर?
साउथ फिल्मों के कई कलाकार काफी समय से बॉलीवुड में एक्टिव रहे हैं। बॉलीवुड फिल्मों में उनके काम को काफी पसंद किया गया।
वर्तमान में कई नए कलाकार भी बॉलीवुड की तरफ रूख कर रहे हैं। इसके साथ ही साउथ के कई कलाकारों ने हॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है।
आज हम आपको साउथ के ऐसे ही पांच कलाकारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने हॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है।
#1
रजनीकांत
ड्वाइट एच लिटिल द्वारा निर्देशित 1988 में आई हॉलीवुड फिल्म 'ब्लडस्टोन' में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के थलाइवा यानी दिग्गज अभिनेता रजनीकांत ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
यह एक एडवेंचर ड्रामा फिल्म है, जिसमें रजनीकांत ने श्याम शाबु नाम का किरदार निभाया था।
इस फिल्म में रजनीकांत के अलावा ब्रेट स्टिमली, एना निकोलस और चार्ली ब्रिल मुख्य भूमिकाओं में हैं।
हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना कमाल नहीं दिखा पाई और रजनी ने दोबारा हॉलीवुड की तरफ रुख नहीं किया।
#2
पूर्णा जगन्नाथन
दक्षिण भारतीय मूल की अभिनेत्री पूर्णा जगन्नाथन काफी समय से हॉलीवुड में एक्टिव हैं। पूर्णा क्रिस इवांस, निकोलस केज और मार्क व्हलबर्ग के साथ फिल्में कर चुकी हैं।
गोर वेरबिंस्की द्वारा निर्देशित 2005 की कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'द वेदर मैन' से पूर्णा ने हॉलीवुड में अपनी फिल्मी पारी शुरू की। इस फिल्म में पूर्णा, निकोलस केज, हाप डेविस और माइकल केन मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इसके अलावा वो कई अन्य फिल्मों और टीवी सीरीज में भी काम कर चुकी हैं।
#3
पूजा कुमार
पूर्व मिस इंडिया अमेरिका रहीं पूजा कुमार साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री हैं।
पूजा ने कमल हासन की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'विश्वरूपम' में लीड अभिनेत्री का रोल निभाया है। इसके अलावा अलावा पूजा कई हॉलीवुड प्रोजेक्ट में भी काम कर चुकी हैं।
असगेर लेथ द्वारा निर्देशित 2012 की एक्शन थ्रिलर हॉलीवुड फिल्म 'मैन ऑन अ लेज' में भी पूजा काम कर चुकी हैं।
इस फिल्म में पूजा के अलावा जेनेसिस रोड्रिगेज, सैम वर्थिंगटन और एलिजाबेथ बैंक मुख्य भूमिकाओं में हैं।
#4
धनुष
साउथ फिल्मों के मशहूर अभिनेता धनुष को अब किसी पहचान की जरुरत नहीं है।
धनुष लंबे समय से अपनी एक्शन और कॉमेडी फिल्मों से पूरे भारत के दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं।
इसके बाद धनुष ने 2018 में केन स्कॉट द्वारा निर्देशित एडवेंचर कॉमेडी फिल्म 'द एक्स्ट्राऑर्डिनरी जर्नी ऑफ द फकीर' से हॉलीवुड में भी डेब्यू किया।
इस फिल्म में धनुष, एरिन मोरिआर्टि, बेरेनीस बेजो और बरखद अब्दी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
#5
नेपोलियन
साउथ के मशहूर अभिनेता नेपोलियन फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में भी एक्टिव रह चुके हैं।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नेपोलियन, मनमोहन सिंह के मंत्रीमंडल में सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण राज्य मंत्री रह चुके हैं।
साउथ की फिल्मों में काम करने के बाद 2019 में डेनियल नूड्सेन द्वारा निर्देशित रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'क्रिशमस कूपन' में भी नेपोलियन ने काम किया।
इस फिल्म में नेपोलियन के अलावा शीना मोनीन, डेनियल नूड्सेन और कोर्टनी मैथ्यूस मुख्य भूमिकाओं में हैं।