साल 2021 में शादी कर सकते हैं ये मशहूर बॉलीवुड कलाकार

बॉलीवुड में क्या होता है, यह जानने के लिए कई लोग बेकरार रहते हैं। सितारों की लाइफस्टाइल से लेकर उनकी आने वाली फिल्मों तक की सभी खबरें लोग तुरंत जानना चाहते हैं। कुछ लोग अपनी शादी को लेकर भले ही उत्साहित न हों, लेकिन पसंदीदा बॉलीवुड कलाकारों की शादी उनके लिए किसी उत्सव जैसी होती है। ऐसे में आज हम आपको बॉलीवुड के मशहूर कलाकारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो 2021 में शादी कर सकते हैं।
बॉलीवुड की सबसे चर्चित प्रेम कहानी वरुण धवन और नताशा दलाल की है। दोनों एक-दूसरे को बचपन से प्यार करते हैं और काफी साल से शादी की योजना भी बना रहे हैं। खबरों के अनुसार, दोनों इसी साल थाईलैंड में डेस्टिनेशन वेडिंग करने वाले थे, लेकिन कोरोना की वजह से उनकी योजना बदल गई। अब खबर है कि वरुण और नताशा अगले साल मुंबई में ही शादी करेंगे। हालांकि, अभी शादी की डेट का कोई खुलासा नहीं हुआ है।
बॉलीवुड कलाकार रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की प्रेम कहानी भी काफी दिनों से चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, ऋषि कपूर जब न्यूयॉर्क से कैंसर का इलाज कराकर वापस लौटे थे, तभी से दोनों के शादी की खबरें मीडिया में चल रही थीं। उम्मीद थी कि दोनों 2020 में शादी कर लेंगे, लेकिन पिता की मौत की वजह से दोनों की शादी टल गई। अब खबरें हैं कि रणबीर और आलिया 2021 में शादी करेंगे।
काफी दिनों से अर्जुन और मलाइका अरोड़ा एक दूसरे से प्यार करते हैं। हाल ही में अर्जुन कपूर ने अपनी शादी की अफवाहों पर कमेंट करते हुए कहा था कि अगर वो अभी शादी करना भी चाहें, तो लॉकडाउन की वजह से नहीं कर सकते हैं। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि दोनों अगले साल किसी भी समय शादी कर सकते हैं। हालांकि, दोनों ने अभी तक खुद से इसकी पुष्टि नहीं की है।
बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर लगभग दो सालों से शिबानी को डेट कर रहे हैं। पहली पत्नी को तलाक देने के बाद से फरहान और शिबानी दोनों साथ रह रहे हैं। दोनों के मजबूत रिश्ते को देखते हुए अटकलें लगाईं जा रहीं थीं कि दोनों इसी साल अप्रैल में शादी कर लेंगे, लेकिन लॉकडाउन ने अटकलों पर लगाम लगा दी। अब उम्मीद की जा रही है कि फरहान और शिबानी अगले साल 2021 में जरुर शादी कर लेंगे।
अली फजल और ऋचा चड्ढा का प्यार भी बॉलीवुड के मशहूर प्यार में से एक है। दोनों एक-दूसरे को कई सालों से डेट कर रहे हैं और इसी साल अप्रैल में शादी करने की योजना बना रहे थे। हालांकि, लॉकडाउन की वजह से उनकी योजना सफल नहीं हो पाई। फिर उन्होंने इसी साल दिसंबर में शादी करने का फैसला किया, जो अब तक पूरा नहीं हो पाया। अब उम्मीद है कि ये जोड़ी अगले साल जरुर शादी कर लेगी।