Page Loader
आपको जरूर देखनी चाहिए बॉलीवुड की ये पांच बेहतरीन एनिमेटेड फिल्में

आपको जरूर देखनी चाहिए बॉलीवुड की ये पांच बेहतरीन एनिमेटेड फिल्में

Oct 06, 2020
08:30 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड दुनिया की इकलौती फिल्म इंडस्ट्री है, जहां साल में सबसे ज्यादा फिल्में बनती हैं। बॉलीवुड खासतौर से एक्शन और रोमांटिक फिल्मों के लिए जाना जाता है। बॉलीवुड में हॉलीवुड की तरह एनिमेटेड फिल्में बनाने का ज्यादा चलन नहीं है, लेकिन यहां भी कुछ बेहतरीन एनिमेटेड फिल्में बनाई गई हैं, जिसने बच्चों से लेकर बड़ों तक का खूब मनोरंजन किया। आज हम आपको बॉलीवुड की ऐसी ही पांच बेहतरीन एनिमेटेड फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं।

#1

रामायण: द लीजेंड ऑफ प्रिंस राम (1992)

यूगो साको, राम मोहन और कोईची सास्की द्वारा निर्देशित 'रामायण: द लीजेंड ऑफ प्रिंस राम' अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में बनी है। इस फिल्म को दुनिया के बेहतरीन एनिमेशन स्टाइल को मिलाकर बनाया गया है। इस एनिमेशन फिल्म में श्रीराम के जन्म से लेकर वनवास और रावण के वध तक रामायण की पूरी कहानी को दिखाया गया है। फिल्म के हिंदी वर्जन के लिए अरुण गोविल, अमरीश पूरी, शत्रुघ्न सिन्हा और नम्रता साहनी ने अपनी आवाज दी है।

#2

हनुमान (2005)

वी. जी. सामंत और मिलिंद उके द्वारा निर्देशित 'हनुमान' एक बेहतरीन एनिमेटेड फिल्म है। फिल्म हनुमान जी के जीवन के ऊपर आधारित है। इस फिल्म में हनुमान जी के जन्म से लेकर श्रीराम की सेवा करने तक की पूरी कहानी को दिखाया गया है। हनुमान जी के बचपन वाले भाग ने बच्चों को खूब आकर्षित किया था। इस फिल्म के लिए मुकेश खन्ना, मोना घोष शेट्टी, राजेश जॉली, संकेत जायसवाल और शाहनवाज प्रधान ने अपनी आवाज दी है।

#3

बाल गणेश (2007)

पंकज शर्मा द्वारा निर्देशित 'बाल गणेश' हिंदू धर्म के प्रथम पूज्य देवता गणेश जी के ऊपर आधारित है। फिल्म में गणेश जी के बचपन और उनके रोमांच के बारे में दिखाया गया है। जिस तरह से गणेश जी अपने दोस्त और सवारी मूसक के साथ बुराई का सामना करते हैं, बच्चों को खूब पसंद आता है। इस फिल्म में नम्रता साहनी, अशर शेख, आशा भोसले, अवतार गिल, परमिंदर घुम्मन और आदर्श गौतम ने अपनी आवाज दी है।

#4

घटोत्कच (2008)

सिंगीतम श्रीनिवास राव द्वारा निर्देशित 'घटोत्कच' महाबली भीम और राक्षसी हिडिंबा के पुत्र घटोत्कच के जीवन के ऊपर आधारित है। फिल्म में घटोत्कच अपने पिता भीम की तरह ही बलशाली है और अपनी बुद्धि से बुराई का सामना करता है। घटोत्कच अपने भाई अभिमन्यु की शादी सुरेखा से कराने में मदद करता है और दुर्योधन की बुरी योजना से उनकी रक्षा करता है। इस फिल्म में महालक्ष्मी अय्यर, सुनिधि चौहान, शान और सुदेश भोसले ने अपनी आवाज दी है।

#5

दिल्ली सफारी (2012)

निखिल आडवाणी द्वारा निर्देशित 'दिल्ली सफारी' जंगल और जानवरों के ऊपर आधारित है। फिल्म में जंगल में रहने वाले जानवरों की कहानी है, जो जंगल कटने से बेघर हो जाते हैं। इसके बाद सभी जानवर मिलकर दिल्ली जाने का फैसला करते हैं, ताकि वो अपनी समस्या इंसानों और सरकार को बता सकें। फिल्म मनोरंजन के साथ एक सीख भी देती है। इस फिल्म में गोविंदा, बोमन ईरानी, उर्मिला मातोंडकर, अक्षय खन्ना और सुनील शेट्टी ने अपनी आवाज दी है।