LOADING...
नयनतारा की 'अन्नपूर्णानी' के खिलाफ FIR दर्ज, भगवान राम को 'मांस खाने वाला' कहने पर विवाद
विवादों में घिरी नयनतारा की 'अन्नपूर्णानी' (तस्वीर:एक्स/@Netflix_INSouth)

नयनतारा की 'अन्नपूर्णानी' के खिलाफ FIR दर्ज, भगवान राम को 'मांस खाने वाला' कहने पर विवाद

लेखन मेघा
Jan 07, 2024
04:28 pm

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री नयनतारा की हाल ही में आई फिल्म 'अन्नपूर्णानी' विवादों में घिर गई है। आरोप है कि 'अन्नपूर्णानी' में भगवान राम के बारे में विवादास्पद टिप्पणी की गई है, जिसको लेकर पूर्व शिवसेना के नेता रमेश सोलंकी ने फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने हिंदू समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और निर्माताओं पर भगवान राम का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

मांग

निर्माताओं के साथ नेटफ्लिक्स पर भी कार्रवाई की मांग की

सोलंकी ने एक्स पर पोस्ट साझा कर फिल्म को हिंदू विरोधी बताया और इसके कुछ विवादास्पद दृश्यों की ओर इशारा किया, जिनमें से एक में भगवान राम को 'मांस खाने वाला' बताया गया है। इतना ही नहीं उन्होंने फिल्म को लव जिहाद को बढ़ावा देने वाला भी बताया है। उन्होंने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से निर्माताओं के साथ स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई और FIR दर्ज करने का अनुरोध किया था।

कमी

फिल्म में सोलंकी ने गिनाईं कमियां

सोलंकी कहते हैं कि पूरी दुनिया भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी मना रही है और उसके बीच इस हिंदू विरोधी फिल्म को रिलीज किया गया। वह कहते हैं कि फिल्म में अभिनेता फरहान ने अभिनेत्री को यह कहकर मांस खाने के लिए उकसाया कि भगवान श्रीराम भी मांस खाते थे। अभिनेत्री के पुजारी पिता भगवान विष्णु के लिए भोग बनाते हैं तो बेटी मांस पकाना, मुस्लिम से प्यार करना, इफ्तार और नमाज अदा करती नजर आती है।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्ट

Advertisement

जवाब

निर्माताओं की ओर से शिकायत पर नहीं दी गई प्रतिक्रिया

सोलंकी ने फिल्म 'अन्नपूर्णानी' के खिलाफ अपनी शिकायत में निर्देशक नीलेश कृष्णा, अभिनेत्री नयनतारा, निर्माता जतिन सेठी, आर रवींद्रन और पुनीत गोयनका, जी स्टूडियो के मुख्य व्यवसाय अधिकारी शारिक पटेल और नेटफ्लिक्स इंडिया प्रमुख मोनिका के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की थी। हालांकि, अब पुलिस के पास शिकायत दर्ज होने के बाद भी फिल्म के निर्माताओं और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स इंडिया की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

कहानी

ऐसी है फिल्म की कहानी

'अन्नपूर्णानी' एक तमिल फिल्म है, जिसमें नयनतारा के साथ ही अभिनेता जय और सत्यराज भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। इस फिल्म की कहानी 'अन्नपूर्णानी' के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो शेफ बनने का सपना देखती है। हालांकि, उसे अपने इस सपने को पूरा करने से पहले कई बाधाओं का सामना करके उन्हें दूर करना पड़ता है। यह फिल्म 1 दिसंबर, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी तो हाल ही में इसने नेटफ्लिक्स पर दस्तक दी है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

कुछ दिन पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता जितेंद्र आव्हाड ने भी शिरडी में अपने भाषण के दौरान भगवान राम को 'मांस खाने वाला' बता दिया था। कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में उनके खिलाफ कई शिकायत दर्ज हुई थीं।

Advertisement