Page Loader
KBC के सवाल पर खड़ा हुआ विवाद, अमिताभ और मेकर्स के खिलाफ FIR दर्ज

KBC के सवाल पर खड़ा हुआ विवाद, अमिताभ और मेकर्स के खिलाफ FIR दर्ज

Nov 03, 2020
12:16 pm

क्या है खबर?

छोटे पर्दे का सबसे पसंदीदा क्वीज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 12' हाल ही में सोनी टीवी पर प्रसारित होना शुरू हुआ है। यह एक ऐसा शो है जो न सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन करता है, बल्कि इससे दर्शकों का ज्ञान बढ़ता है और प्रतिभागियों को पैसे जितने का अवसर देता है। हालांकि, इस बार शो में पूछे एक सवाल के कारण विवाद खड़ा हो गया है, जिसके बाद मेकर्स और होस्ट अमिताभ बच्चन पर FIR दर्ज करवा दी गई है।

आरोप

हिन्दूओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप

दरअसल, हाल ही में एक एपिसोड में अमिताभ, 'अंबेडकर' और 'मनुस्मृति' से जुड़ा एक सवाल करते हुए दिखे थे। जिसके कारण अब मेकर्स और अमिताभ कानूनी पचड़ों में फंस गए हैं। इस पर लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि अमिताभ और शो के मेकर्स के खिलाफ उत्तर प्रदेश के लखनऊ में FIR तक दर्ज करवा दी गई है। लोगों का आरोप है कि इस सवाल से हिन्दूओं का भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है।

तीखी प्रतिक्रिया

फिल्मकार विवेक अग्निहोत्री ने भी दी थी तीखी प्रतिक्रिया

गौरतलब है कि इससे पहले बॉलीवुड के फिल्मकार विवेक अग्निहोत्री ने भी इस सवाल पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि इस शो पर कम्यूनिस्ट ने कब्जा कर लिया है। उनके अलावा कई लोग सोशल मीडिया बॉयकॉट KBC जैसे हैशटैग का भी इस्तेमाल करने लगे हैं। हालांकि, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस सवाल को लेकर किए जा रहे इतने बड़े विवाद को गलत भी ठहरा रहे हैं।

सवाल

जानिए क्या था सवाल

हाल ही में कर्मवीर एपिसोड के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता बेजवाड़ा विल्सन और अभिनेता अनूप सोनी हॉट सीट पर दिखे थे। जहां उनसे 6.40 लाख रुपये के लिए यह सवाल किया गया था। सवाल था, '25 दिसंबर, 1927 को डॉ बी आर अंबेडकर और उनके अनुयायियों ने किस धर्मग्रंथ की प्रतियां जलाई थीं?' इसके साथ विकल्प के तौर पर विष्णु पुराण, भगवद्गीता, ऋग्वेद और मनुस्मृति दिए गए। इसका जवाब मनुस्मृति था। इसके बाद अमिताभ ने इस घटना का पूरा विवरण दिया।

ट्विटर पोस्ट

देखिए क्या था सवाल

पुराना विवाद

पहले भी हो चुका है सवाल पर विवाद

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब 'कौन बनेगा करोड़पति' के किसी सवाल पर ऐसा विवाद खड़ा हुआ है। इससे पहले 2019 में भी छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर किए गए एक सवाल की वजह से हंगामा हो गया था। जिसमें मराठा योद्धा शिवाजी महाराज का अपमान करते का आरोप लगाया गया था। इसके बाद होस्ट अमिताभ बच्चन और मेकर्स ने यूजर्स से अपने इस सवाल के लिए माफी भी मांगी थी।