भारतीय सिनेमा में पहली बार दिखेगी असली रोबोट 'जिया', कन्नड़ सिनेमा का बड़ा प्रयोग
क्या है खबर?
कन्नड़ फिल्म 'लंबोदर 2.0' में भारतीय सिनेमा के इतिहास में पहली बार एक असली रोबोट मुख्य भूमिका में नजर आएगा। सिंपल सुनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में बेंगलुरु की 'मचानी रोबोटिक्स' द्वारा तैयार की गई रोबोट 'जिया' अहम किरदार निभा रही है। सिनेमा में तकनीक के इस अनोखे और बड़े प्रयोग को लेकर निर्माता बेहद उत्साहित हैं, जो दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देगा
ऐलान
फिल्म में नजर आएगी बेंगलुरु में बनी ह्यूमनॉइड रोबोट
निर्देशक ने इंस्टाग्राम पर इस खास खबर का ऐलान किया।
शेयर की गई तस्वीर में रोबोट 'जिया' अन्य कलाकारों के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रही है। निर्देशक ने लिखा, 'मिलिए 'जिया' से। ये बेंगलुरु की मचानी रोबोटिक्स द्वारा विकसित एक ह्यूमनॉइड रोबोट है। भारतीय सिनेमा के इतिहास में पहली बार एक असली ह्यूमनॉइड रोबोट फिल्म 'लंबोदर 2.0' में किरदार निभा रही है।"
इेस फिल्म से बॉलीवुड अभिनेता कुणाल कपूर भी कन्नड़ सिनेमा में अपना पदार्पण कर रहे हैं।
बयान
निर्माता बोले- भारतीय सिनेमा के नए दौर का आगाज
फिल्म निर्माताओं ने स्पष्ट किया कि 'जिया' कोई CGI या रोबोट का किरदार निभा रहा कलाकार नहीं, बल्कि खुद एक एक्टर है। उन्होंने कहा कि ये भारतीय सिनेमा के नए युग की शुरुआत है।
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, ये फिल्म आज के युवाओं की सोशल मीडिया लाइफ पर आधारित एक थ्रिलर है। इसमें दिखाया जाएगा कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और डिजिटल दुनिया हमारे रोजमर्रा के जीवन को कैसे प्रभावित करती है।
शूटिंग
शूटिंग पूरी, रिलीज तारीख का इंतजार
फिल्म निर्माताओं के मुताबिक, 'लंबोदर 2.0' एक सामाजिक रूप से प्रासंगिक और जबरदस्त थ्रिलर है, जो आज की डिजिटल रूप से जुड़ी पीढ़ी के साथ गहराई से जुड़ेगी।
इस फिल्म की शूटिंग इसी साल जनवरी में शुरू हुई थी, जिसे निर्देशक सिंपल सुनी ने हाल ही में पूरा किया है। फिलहाल निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज तारीख का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इस अनोखे प्रोजेक्ट को लेकर सिनेप्रेमी काफी उत्साहित हैं।