LOADING...
'लव एंड वॉर': सेट पर बड़ा हादसा, भंसाली पर FIR और 1 करोड़ जुर्माने की तलवार
संजय लीला भंसाली पर FIR की मांग

'लव एंड वॉर': सेट पर बड़ा हादसा, भंसाली पर FIR और 1 करोड़ जुर्माने की तलवार

Jun 24, 2026
06:56 pm

क्या है खबर?

फिल्म 'लव एंड वॉर' के सेट पर शूटिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें सेट पर काम कर रहे 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली और प्रोडक्शन हाउस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। संगठन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर भंसाली के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करने की मांग की है।

शिकायत

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखा पत्र

फिल्म 'लव एंड वॉर' के सेट पर एक क्रू मेंबर की मौत के बाद कानूनी कार्रवाई और फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा की मांग तेज हो गई है। AICWA ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली के खिलाफ FIR दर्ज करने, मृतक कार्यकर्ता के परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे और इस पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

आरोप

'लव एंड वॉर' सेट पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप

पत्र में AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि क्रू मेंबर चंद्रधारी सिंह यादव की मौत ने फिल्म सेटों पर कार्यस्थल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। एसोसिएशन ने भी इस पत्र को सोशल मीडिया पर भी साझा किया है और आरोप लगाया है कि रणबीर कपूर, विक्की कौशल और आलिया भट्ट अभिनीत इस बड़े पैमाने की फिल्म के सेट पर अनिवार्य सुरक्षा नियमों का ठीक से पालन नहीं किया गया था।

Advertisement

हादसे

भंसाली की पुरानी फिल्मों में भी गई थी मजदूरों की जान

AICWA अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि अगर जरूरी सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाता तो इस हादसे को रोका जा सकता था। पत्र में संजय लीला भंसाली के पिछले प्रोजेक्ट्स का हवाला देते हुए दावा किया गया कि ये पहली घटना नहीं है। इससे पहले भंसाली की फिल्म 'देवदास' के दौरान मजदूर दीनदयाल यादव और सुभाष मोरकर की और 'पद्मावतपद्मावत' की शूटिंग के दौरान मुकेश डाकिया नाम के मजदूर की मौत हो चुकी है।

Advertisement

मांग

FIR दर्ज करने की मांग

अखिल भारतीय सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि निर्माता संजय लीला भंसाली, उनके प्रोडक्शन हाउस और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर गैर-इरादतन हत्या, लापरवाही और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

मुआवजा

AICWA की मांग, यादव के परिवार को मिले 1 करोड़

एसोसिएशन ने घटना की उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच और फिल्म सेट की सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है। AICWA ने पीड़ित यादव के परिवार को ₹1 करोड़ मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही, उनकी पत्नी को नौकरी या आर्थिक सहायता और दोनों बेटियों को आत्मनिर्भर होने तक वित्तीय मदद देने की बात कही है। एसोसिएशन ने यह भी मांग की कि सुरक्षा मानकों की जांच और मंजूरी मिलने तक शूटिंग पर रोक लगाई जाए।

Advertisement