ऋषि कपूर के छोटे भाई और अभिनेता राजीव कपूर का हार्ट अटैक से निधन
दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के छोटे भाई और अभिनेता राजीव कपूर का आज निधन हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हार्ट अटैक के कारण 58 वर्षीय राजीव की मृत्यु हुई है। आज ही हार्ट अटैक आने के बाद उनके भाई रणधीर कपूर ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया था। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कपूर परिवार के साथ ही बॉलीवुड के लिए यह एक बड़ी क्षति है।
मैंने छोटे भाई को खो दिया है- रणधीर कपूर
रणधीर कपूर ने कहा, "मैंने अपने छोटे भाई को खो दिया है। राजीव का निधन हो गया है। डॉक्टरों ने अपनी ओर से हर संभव कोशिश की है, लेकिन वह उन्हें बचा नहीं सके। मैं फिलहाल अस्पताल में हूं और उनके शव का इंतजार कर रहा हूं।" अभिनेत्री नीतू कपूर ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है। राजीव कपूर की तस्वीर शेयर करते हुए नीतू ने लिखा, 'RIP' पिछले साल ही अभिनेता ऋषि कपूर का भी देहांत हो गया था।
यहां देखिए इंस्टाग्राम पोस्ट
फिल्म जगत में कई हस्तियों ने राजीव को दी श्रद्धांजलि
फिल्म जगत में राजीव कपूर के देहांत के बाद उन्हें कई हस्तियों ने श्रद्धांजलि व्यक्त की है। मशहूर गायक लता मंगेशकर ने ट्विटर पर लिखा, 'मुझे अभी पता चला है कि राज कपूर के छोटे बेटे राजीव कपूर का निधन हो गया है। मैं बहुत दुखी हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।' आपको बता दें कि राजीव कपूर की देखभाल उनके भाई रणधीर कपूर और बहन रीमा जैन कर रही थीं।
यहां देखिए लता मंगेशकर का ट्विटर पोस्ट
इन फिल्मों में नजर आए थे राजीव कपूर
राजीव कपूर को 'राम तेरी गंगा मैली' में उनके अभिनय के लिए याद किया जाता है। उन्होंने 1983 में फिल्म 'एक जान हैं हम' से फिल्मों में अपना डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 'प्रेम ग्रंथ' फिल्म का निर्देशन किया था। इस फिल्म में उनके भाई ऋषि कपूर मुख्य भूमिका में दिखे थे। इसके अलावा राजीव ने फिल्म 'आसमान', 'लवर बॉय' जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया था। अंतिम बार वह 1990 में फिल्म 'जिम्मेदार' में अभिनय करते दिखे थे।