आमिर खान की 'ललकारा' छोड़ने की खबरों पर फरहान अख्तर ने दी चौंकाने वाली प्रतिक्रिया
क्या है खबर?
फरहान अख्तर ने उन खबरों पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें कहा जा रहा था कि उन्होंने आमिर खान की आगामी फिल्म 'ललकारा' से खुद को अलग कर लिया है। इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर कर रहे हैं, जिसमें फराहन को एक महत्वपूर्ण किरदार के तौर पर शामिल किए जाने की चर्चा थी। हालांकि, इन तमाम अटकलों पर अब अभिनेता ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वह इस परियोजना का कभी हिस्सा नहीं थे।
प्रतिक्रिया
फरहान ने 'ललकारा' को लेकर अपनी सफाई दी
मिड-डे से बातचीत करते हुए फरहान ने दावों को खारिज कर दिया और कहा कि संभावित परियोजना पर होने वाली चर्चा को पक्की प्रतिबद्धता नहीं समझना चाहिए।
उन्होंने कहा, "मैं किसी परियोजना से कैसे बाहर निकल सकता हूं, जब मैंने उसमें आधिकारिक तौर पर प्रवेश ही नहीं किया? अपने करियर के दौरान, हर अभिनेता को कई प्रस्ताव और परियोजनाएं मिलती हैं। आप कुछ परियोजनाओं पर हस्ताक्षर करते हैं, और कुछ पर नहीं। यह इतना ही सरल है।"
फिल्म
भारत-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज पर आधारित होगी फिल्म
आशुतोष के निर्देशन में बन रही 'ललकारा' ऐतिहासिक 1952 की भारत-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज पर आधारित होगी। आमिर इसमें मुख्य किरदार निभा रहे हैं।
बतौर अभिनेता फिल्म से जुड़ने की अटकलों का भले फरहान ने खंडन कर दिया हो, लेकिन इसका निर्माण उनकी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट कर रही है।
फरहान ने यह भी बताया कि निर्देशक नीरज पांडे दिग्गज संगीतकार आरडी बर्मन की बायोपिक बना रहे हैं, जिसे लेकर उनसे बातचीत जारी है, लेकिन अभी तक कुछ तय नहीं हुआ है।