ऋतिक से तलाक के बदले सुजैन खान ने मांगे थे 400 करोड़? बहन ने बताया सच
क्या है खबर?
ऋतिक रोशन और सुजैन खान के तलाक को सालों बीत चुके हैं, लेकिन उनके बीच 400 करोड़ रुपये के गुजारे भत्ते की अफवाहें आज भी सुर्खियों में रहती हैं। अब इस पूरे विवाद पर सुजैन की बहन और ज्वेलरी डिजाइनर फराह खान अली ने चुप्पी तोड़ी है। फराह ने इन दावों को पूरी तरह बकवास और मनगढ़ंत बताते हुए कहा है कि उनकी बहन पैसों के पीछे भागने वाली नहीं है। आइए जानें क्या कुछ बोलीं फराह।
खुलासा
"तलाक की खबर से हर कोई सदमे में था"
फराह ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि सुजैन को इस तरह (तलाक के जरिए) पैसों की कोई जरूरत नहीं थी। पत्रकार विक्की लालवानी से बातचीत में फराह ने उस वक्त को याद किया, जब ऋतिक और सुजैन के तलाक की बात सार्वजनिक हुई थी। उन्होंने कहा, "तब हर कोई सदमे में था। उस दौरान बहुत हो-हल्ला मचा था। उनकी निजी जिंदगी को लेकर लोगों के तमाम तरह के विचार और राय थीं।"
दावा
400 करोड़ के गुजारे भत्ते की बात बिल्कुल झूठ
फराह बोलीं, "दोनों ने ही इस पूरे दौर को बहुत खूबसूरती से संभाला। उनका अलगाव आपसी सहमति और शालीनता से हुआ था। एक बात, जो मैं आज भी साफ-साफ कहना चाहती हूं, वो ये कि उनके बीच कभी कोई 400 करोड़ रुपये का लेन-देन नहीं हुआ था। जब भी मैं इंटरनेट पर लोगों को ये कहते हुए देखती हूं कि सुजैन को 400 करोड़ रुपये मिले और वो अमीर हो गईं तो मेरा दिल अंदर तक दुखी हो जाता है।"
बचाव
"मेरी प्यारी बहन ने कुछ भी नहीं लिया"
फराह ने आगे कहा, "ये सरासर झूठ है। मेरी प्यारी बहन ने कुछ भी नहीं लिया। हम एक ऐसे परिवार से आते हैं और हमारी मां ने हमें सिखाया है कि पैसा-दौलत महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि रिश्ते ज्यादा मायने रखते हैं, इसलिए मेरी बहन ने एक पैसा भी नहीं लिया। यही वजह है कि आज अपने पूर्व पति ऋतिक और अपने पूर्व सास-ससुर पिंकी और राकेश रोशन संग उसके रिश्ते बेहद शानदार हैं। वे सब उससे बहुत प्यार करते हैं।"
पलटवार
मीडिया के लिए शादी का तमाशा बनाना जरूरी नहीं- फराह
फराह ने साफ कहा कि उनकी बहन सुजैन पैसों के पीछे भागने वाली या पैसों की लालची नहीं हैं। वो बोलीं, "मेरी बहना बहुत शालीन है और एक खानदानी परिवार से ताल्लुक रखती है। ऋतिक भी एक बेहतरीन इंसान हैं। उनके बीच चीजें नहीं चल पाईं, लेकिन मीडिया के लिए आपको अपनी शादी का तमाशा बनाने की जरूरत नहीं होती। इस तलाक में कोई गुजारा भत्ता शामिल नहीं थी। ये खबर पूरी तरह गलत और घटिया है।"
रिश्ता
बचपन की दोस्ती, 13 साल की शादी और फिर तलाक
ऋतिक और सुजैन बचपन के दोस्त थे, जिन्होंने दिसंबर, 2000 में शादी की थी। उनके 2 बेटे हैं, ऋहान और ऋदान। ऋतिक और सुजैन साल 2013 में अलग हो गए थे और अगले ही साल यानी 2014 में उनके तलाक पर कानूनी मोहर लग गई थी। हालांकि, अलग होने के बाद भी वे आज तक अच्छे दोस्त बने हुए हैं और अक्सर एक-दूसरे के साथ समय बिताते हैं, खासकर अपने बेटों की खातिर।