लोकप्रिय यूट्यूबर अश्वंथ कोक कोझिकोड से गिरफ्तार, शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप
क्या है खबर?
चर्चित मलयालम यूट्यूबर और फिल्म समीक्षक अश्वंथ कोक कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। केरलम के कोझिकोड स्थित एरनहिपलम पुलिस ने उन्हें 28 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, यूट्यूबर एरनहिपलम जंक्शन के पास लापरवाही से कार चला रहे थे, जिससे अन्य वाहन चालको की जान खतरे में पड़ गई थी। नतीजन, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अश्वंथ को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई
3 वाहनों को टक्कर मारने का आरोप
मातृभूमि की रिपोर्ट के मुताबिक, अश्वंथ पर आरोप है कि वह शराब के नशे की हालत में कार चला रहे थे। तभी कथित तौर पर उनकी महिंद्रा थार ने एरनहिपलम जंक्शन पर 3 वाहनों को टक्कर मार दी।
खबरों के अनुसार, इस घटना में 4 लोगों के घायल होने की खबर भी है।
पुलिस के अनुसार, जब यूट्यूबर को गिरफ्तार करने की कोशिश की गई, तो उनकी अधिकारियों से तीखी बहस हुई। बाद में अश्वंथ को हिरासत में लिया गया।
परिचय
जानिए कौन हैं यूट्यूबर अश्वंथ
अश्वंथ, केरलम के बेहद लोकप्रिय और प्रभावशाली यूट्यूब स्टार, व्लॉगर और मलयालम फिल्म समीक्षक हैं।
उन्हें सोशल मीडिया और यूट्यूब पर अपनी तीखी समीक्षाओं, बेबाक राय और फिल्म जगत पर तल्ख टिप्पणियों के लिए जाना जाता है। आम दर्शकों के बीच उनकी समीक्षाओं को काफी पसंद किया जाता है।
अपने बेबाक रिव्यूज के कारण यूट्यूबर का केरलम फिल्म प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन और कई फिल्म निर्देशकों के साथ विवाद भी हो चुका है।