फिल्म 'G2' से इमरान हाशमी का पहला लुक जारी, रिलीज तारीख से उठा पर्दा
क्या है खबर?
इमरान हाशमी बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ की फिल्मों में भी खूब धमाका कर रहे हैं। पिछले साल उन्हें पवन कल्याण की फिल्म 'दे कॉल हिम OG' में देखा गया था जो सफल साबित हुई। अब वह अपनी आगामी फिल्म 'G2' को लेकर चर्चा में हैं जिसमें से उनका पहला लुक 24 मार्च को जारी किया गया है। इसी के साथ फिल्म की रिलीज तारीख से भी पर्दा उठाया गया है। बता दें, 'G2' 2018 में आई 'गुडाचारी' का सीक्वल है।
पोस्टर
अदिवि शेष ने जारी किया इमरान हाशमी का पोस्टर
'G2' के मुख्य अभिनेता अदिवि शेष ने फिल्म से इमरान का पहला लुक साझा किया है। उन्होंने अभिनेता को उनके जन्मदिन (24 मार्च) की बधाई देते हुए लिखा, 'इमरान सर को जन्मदिन की शुभकामनाएं! आपके साथ काम करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है और 'डकैत' की रिलीज के बाद 'G2' की शूटिंग में साथ काम करने का बेसब्री से इंतजार है।' पोस्टर में अभिनेता फुल एक्शन मोड में दिखे हैं, जिसने फैंस को काफी उत्साहित कर दिया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
Happy Birthday Emraan sir @emraanhashmi Lots of love ❤️🔥❤️🔥 Can’t wait to rock the #G2 shoot with you after Dacoit release ❤️🙏🏼🙏🏼 It’s an honour to work with you. Many many happy returns of the day! pic.twitter.com/sN69ZAViGX
— Adivi Sesh (@AdiviSesh) March 24, 2026
रिलीज
जानिए कब रिलीज होगी फिल्म 'G2'
'G2' एक पैन-इंडिया फिल्म है जिसे 1 मई, 2026 को तेलुगु के अलावा, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि अदिवि अभिनीत फिल्म में, इमरान को नकारात्मक किरदार में देखा जाएगा। अभिनेत्री वामिका गब्बी भी इसका हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन विनय कुमार सिरिगिनेडी ने किया है और यह उनकी पहली निर्देशित फिल्म भी है। निर्माण 'पीपुल मीडिया फैक्ट्री', 'एके एंटरटेनमेंट्स' और 'अभिषेक अग्रवाल आर्ट्स' के बैनर तले किया गया है।