Page Loader
एकता कपूर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की खबर झूठी, उनके वकील ने की पुष्टि
एकता के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की खबर झूठी (तस्वीर: इंस्टा/@ektarkapoor)

एकता कपूर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की खबर झूठी, उनके वकील ने की पुष्टि

Oct 02, 2022
09:47 pm

क्या है खबर?

हाल में खबरें आई थीं कि जानी-मानी फिल्ममेकर एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ बिहार की एक कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। अब एकता के वकील ने ऐसी खबरों को खारिज कर दिया है। उन्होंने बताया कि एकता के खिलाफ कोई गिरफ्तारी वारंट नहीं आया है। आज एकता के वकील का एक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपने मुवक्किल का पक्ष रखा है।

बयान

शिकायतकर्ता के वकील के बयानों के आधार पर आईं झूठी खबरें- एकता के वकील

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, एकता के वकील ने ऐसी खबरों को बेबुनियाद करार दिया है। उनके वकील ने कहा, "हाल के दिनों में बिहार के बेगूसराय में एक मजिस्ट्रेट कोर्ट द्वारा एकता और श्रीमती शोभा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने से जुड़ी कई खबरें प्रकाशित हुई हैं। ये सभी लेख (खबरें) शिकायतकर्ता के वकील के कथित बयानों के आधार पर बनाए गए प्रतीत होते हैं, ये सब झूठ और गलत हैं।"

मामला

जानिए क्या है पूरा मामला

खबरों की मानें तो एकता और शोभा पर उनकी सीरीज 'XXX 2' में भारतीय सेना का अपमान करने के आरोप में मामला दर्ज कराया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व सैनिक और बेगूसराय निवासी शंभू कुमार ने 2020 में अपनी शिकायत में कहा था कि 'XXX 2' में एक सैनिक की पत्नी से जुड़े कई आपत्तिजनक दृश्य दिखाए गए। बताया गया था कि माममे में हाजिर नहीं होने के बाद एकता और उनकी मां के खिलाफ वारंट जारी किया गया।

माफी

एकता के माफी मांगने के बाद भी नहीं शांत हुआ मामला

शिकायत दर्ज होने के बाद सीरीज से पहले आपत्तिजनक सीन्स को ब्लर किया गया। फिर मेकर्स ने इन सीन्स को हटा दिया था। इस मामले को लेकर एकता को काफी ट्रोल किया गया था। उन्हें रेप की धमकियां तक मिली थीं। इसके बाद एकता ने लोगों से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था, "हम भारतीय सेना का बहुत सम्मान करते हैं। अगर कोई प्रमाणिक सैन्य संस्थान हमें माफी मांगने के लिए कहता है, तो हम इसके लिए भी तैयार हैं।"

वेब सीरीज

2020 में ALT बालाजी रिलीज हुई थी 'XXX 2'

'XXX 2' 8 फरवरी, 2020 को ALT बालाजी पर रिलीज हुई थी। सीरीज में 'प्यार और प्लास्टिक', 'बोस डीके भाग', 'ट्रिपल सीट- XXX', 'संपूर्ण रिश्ता' और 'इनसिक्योर हसबैंड' नामक पांच एपिसोड प्रसारित किए गए थे। इस सीरीज में अदिति कोहली, पारस तोमर, प्रतीक सहजपाल, समीक्षा भटनागर, गरिमा जैन और मोहित कुमार जैसे कलाकार नजर आए थे। इसका पहली सीजन 2018 में आया था। इसे ZEE5 पर रिलीज किया गया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

एकता ने टीवी को 'कहानी घर-घर की', 'कसौटी जिंदगी की', 'कहीं किसी रोज', 'पवित्र रिश्ता', 'कुमकुम भाग्य', 'नागिन' जैसे अनेक आइकॉनिक शो दिए। ALT बालाजी के लिए भी वह कई प्रोजेक्ट्स बना चुकी हैं।