क्या 'द स्मैशिंग मशीन' के लिए ऑस्कर में नामांकन न मिलने से खफा हैं ड्वेन जॉनसन?
क्या है खबर?
हॉलीवुड अभिनेता ड्वेन जॉनसन ने अपनी स्पोर्ट्स एक्शन फिल्म 'द स्मैशिंग मशीन' के लिए ऑस्कर में नामांकन न मिलने पर प्रतिक्रिया दी। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने फिल्म में अपने अभिनय को नजरअंदाज किए जाने पर निराशा जाहिर की। हालांकि उन्होंने स्वीकारा कि इस अनुभव ने उन्हें भविष्य में ज्यादा चुनौतीपूर्ण और पुरस्कार-योग्य भूमिकाएं निभाने के लिए प्रेरित किया है। बता दें, 'द स्मैशिंग मशीन' पिछले साल रिलीज हुई थी और इसे वेनिस फिल्म फेस्टिवल में सम्मानित किया गया था।
प्रतिक्रिया
"ऑस्कर में नामांकन मिलना शानदार होता"
एस्क्वायर से बातचीत में, अभिनेता ने कहा, "ऑस्कर के लिए नॉमिनेट होना शानदार होता। मुझे जल्द एहसास हो गया कि इस मुकाम तक पहुंचना, जहां ऐसी बातें हो रही हों, एक मुश्किल बात है। अगर पुरस्कार मिलता तो बहुत अच्छा होता। काश ऐसा होता, लेकिन नहीं हुआ।" उन्होंने कहा, "मैंने ऐसा कभी नहीं सोचा कि इससे फर्क नहीं पड़ता। मैंने हमेशा सोचा कि ये मायने रखता है। इसने मेरे अंदर नई ऊर्जा भरी है कि चलो, काम पर चलते हैं।"
फिल्म
'द स्मैशिंग मशीन' के बारे में जानिए
बेनी सफ्डी द्वारा निर्देशित फिल्म 'द स्मैशिंग मशीन' 3 अक्टूबर, 2025 को अमेरिका में रिलीज हुई थी। यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें जॉनसन ने 'मार्क केर' का किरदार निभाया है। इसकी कहानी 90 के दशक में UFC में उनके उदय और नशे की लत से आने वाले संघर्ष की कहानी को दिखाती है। अपने किरदार को निभाने के लिए अभिनेता ने शारीरिक और भावनात्मक रूप से जबरदस्त बदलाव किया था, जिसके लिए उन्हें व्यापक प्रशंसा मिली थी।