दिव्यांका त्रिपाठी की बिल्डिंग में आग से गार्ड की मौत, सुनाई उस खौफनाक रात की कहानी
क्या है खबर?
टेलीविजन अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी ने अपनी बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट साझा कर दिवाली और पति विवेक दहिया के जन्मदिन से ठीक एक रात पहले हुई भीषण आग की घटना को याद किया। दिव्यांका ने बताया कि हादसे के वक्त वह, विवेक, उनके बच्चे, परिवार के सदस्य और स्टाफ घर पर मौजूद थे। हालांकि, सभी समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।
भावुक
दिव्यांका ने लिखा भावुक नोट
दिव्यांका ने लिखा, 'कुछ नुकसान ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं, जो कभी पूरी तरह खत्म नहीं होती।'
उन्होंने याद किया कि जब वे अपने जुड़वां बेटों को घर लाए थे, तब धनपत उन पहले लोगों में से थे, जिन्होंने उनका स्वागत किया और उन्हें आशीर्वाद दिया था।
दिव्यांका ने बताया कि उन्होंने और विवेक ने सोचा था कि आने वाले सालों में धनपत उनके बेटों को बड़ा होते देखेंगे और उनके साथ समय बिताएंगे।
खुलासा
आग लगने के समय घर पर ही थीं दिव्यांका
दिव्यांका ने बताया कि उन्होंने और उनके पति ने उस शाम बाहर जाने की योजना बनाई थी, लेकिन उनकी योजना बार-बार टलती रही।
आग लगने के समय वे घर पर ही थे, इसलिए उन्होंने समय रहते खतरे को भांप लिया और अपने बच्चों, परिवार और स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल आए।
दिव्यांका ने आगे लिखा, 'विवेक और मेरे लिए इस खबर को स्वीकार करना बहुत मुश्किल था।'
स्वीकार
दिव्यांका नहीं स्वीकार कर पा रहीं यह सच्चाई
दिव्यांका कहती हैं, "यहां तक कि जब हम एक दोस्त के घर जाकर रुके, तब भी हम यही उम्मीद करते रहे और प्रार्थना करते रहे कि काश, यह सच न हो।"
अभिनेत्री ने कहा कि उस दिवाली आग ने उनके घर की रोशनी को फीका कर दिया था, लेकिन एक अनमोल जान के चले जाने से उनके दिलों में ऐसा अंधेरा छा गया था, जिसे कोई भी रोशनी दूर नहीं कर सकती थी।
श्रद्धांजलि
दिव्यांका ने गार्ड को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
दिव्यांका ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, 'धनपत अंकल, आप हमारी बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे। आप हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा थे, एक ऐसे इंसान जिन पर हम भरोसा करते और जिनके बारे में हमने सोचा था कि वह हमारे बच्चों के भविष्य में भी शामिल होंगे।'
उन्होंने आखिरी में कहा कि जब बच्चे बड़े हो जाएंगे, तो वह और विवेक उन्हें उस नेक इंसान के बारे में बताएंगे, जिन्होंने अपना आशीर्वाद देकर घर में उनका स्वागत किया था।