मनोज बाजपेयी से टक्कर लेने के लिए विलेन बनेंगी दिव्या दत्ता, राणा दग्गुबाती संभालेंगे कमान
क्या है खबर?
मनोज बाजपेयी को आखिरी बार 'फैमिली मैन सीजन 3' में देखा गया था। अब अभिनेता ने अपनी अगली फिल्म के लिए तैयारी शुरू कर दी है, जिसमें उनके साथ दिव्या दत्ता भी नजर आएंगी। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में अभिनेत्री बतौर खलनायिका शामिल होंगी और अभिनेता की मुश्किलें बढ़ाएंगी। यह फिल्म मशहूर लेखक अरविंद अडिगा के उपन्यास 'लास्ट मैन इन टावर' पर आधारित होगी, जिसका ऐलान नवंबर, 2025 में किया गया था।
निर्देशन
राणा दग्गुबाती कर रहे फिल्म का निर्देशन
मिड-डे के मुताबिक, फिल्म के निर्देशन की कमान साउथ अभिनेता राणा दग्गुबाती ने उठाई है। सूत्र ने बताया कि दिव्या का किरदार केंद्रीय भूमिका निभाने वाला है। उन्होंने कहा, "दिव्या की खलनायिका एकतरफा नहीं है; उसे निर्मम और चालाक दिखाया गया है, लेकिन उसमें कुछ कमजोरियां भी हैं। यह फिल्म दिव्या और मनोज के किरदारों के बीच तनाव पर आधारित है।" परियोजना पर काम जारी है और निर्माताओं का लक्ष्य जुलाई से दिसंबर, 2026 के बीच शूटिंग शुरू करना है।
कहानी
इस कहानी के इर्द-गिर्द घूमेगी फिल्म
मुंबई की एक आवासीय कॉलोनी में घटित 'लास्ट मैन इन टावर' की कहानी एक ऐसे शिक्षक के इर्द-गिर्द घूमेगी जो इमारत के पुनर्विकास पर विचार किए जाने के दौरान एक रियल एस्टेट डेवलपर को अपना फ्लैट बेचने से मना कर देता है। इस कहानी के जरिए लेखक ने अपने उपन्यास में लालच, महत्वाकांक्षा और शहरी विकास जैसे विषयों को उजागर किया है। बता दें, दिव्या को हाल ही में रिलीज 'चिरैया' सीरीज के लिए काफी सराहना और तारीफें मिली हैं।