दिलजीत दोसांझ पर भड़के भाजपा नेता, बोले- हनी सिंह से सीखें; पंजाब का हाल देखें
क्या है खबर?
भाजपा नेता मनमीत सिंह ने शराब और नशे से जुड़े गानों का बचाव करने पर दिलजीत दोसांझ की आलोचना की है। उनके मुताबिक, दिलजीत को पंजाब के युवाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। राज्य में नशे की समस्या खत्म करने में कलाकार अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्हें युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए, न कि ऐसे गानों को बढ़ावा देना चाहिए। साथ ही, उन्होंने दिलजीत को हनी सिंह से सीखने की सलाह दी।
पलटवार
शराब-नशे वाले गानों पर दिलजीत को मनमीत सिंह की दो टूक
अहमदाबाद में दिलजीत की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए मनमीत सिंह ने कहा कि गायक के पास शराब और नशीले पदार्थों का जिक्र करने वाले गाने गाने की कोई वजह नहीं थी।
सिंह ने दुनियाभर के संगीत में इसी तरह के विषयों के इस्तेमाल का भी हवाला दिया। उन्होंने आगे कहा कि भारत में परफॉर्म करने वाले कलाकारों को देश की सामाजिक हकीकत, खासकर पंजाब के हालातों को भी देखना चाहिए, जहां नशाखोरी एक बड़ी समस्या बनी हुई है।
सलाह
देश के प्रति जिम्मेदारी समझें और पंजाब के हालात देखें- मनमीत
मनमीत ने कहा, "दिलजीत ने अहमदाबाद में तर्क दिया कि जब अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी शराब और नशे पर गाने गाते हैं तो वे क्यों नहीं गा सकते? हम उनसे कहना चाहेंगे कि अगर वो भारतीय नागरिक हैं और देश के प्रति जिम्मेदारी समझते हैं तो उन्हें पंजाब के हालात देखने चाहिए कि कैसे युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं। सिद्धू मूसेवाला के बंदूकों वाले गाने और आज दिलजीत के गाने युवाओं को गलत तरह से प्रभावित कर रहे हैं।"
सुझाव
दिलजीत को हनी सिंह जैसा बनने की सलाह
नेता ने दिलजीत पर पलटवार कर आगे कहा, "पंजाब में जितना नशा बिकता है, वो पूरे देश से भी ज्यादा है। दिलजीत को लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की कोशिश करनी चाहिए। उन्हें हनी सिंह जैसा उदाहरण पेश करना चाहिए, जिन्होंने अपनी जिंदगी बदल ली। उन्हें युवाओं के सामने एक मिसाल कायम करनी चाहिए और पंजाब को नशे के संकट से बाहर निकालने में मदद करनी चाहिए ताकि राज्य तरक्की कर सके।"
रोक
अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले ही घिर गए थे दिलजीत
ये आलोचना 21 नवंबर को अहमदाबाद में हुए दिलजीत के कॉन्सर्ट से पहले अधिकारियों की चिंताओं के बाद सामने आई है।
दरअसल, जिला बाल संरक्षण इकाई ने पुलिस को शो के दौरान शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गानों को रोकने का निर्देश दिया था, साथ ही बच्चों को स्टेज पर बुलाने, तेज आवाज और बुलेट-थीम वाली चीजों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई गई।
इन्हीं कारणों से दिलजीत के 4 गानों पर भी रोक लगाई गई थी।