दिलजीत दोसांझ के दिल्ली शो को पुलिस ने नहीं दी हरी झंडी, 'बुकमायशो' का आवेदन खारिज
क्या है खबर?
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर' के दिल्ली कॉन्सर्ट को बड़ा झटका लगा है। जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में 30 अक्टूबर को होने वाले इस शो को दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए इजाजत देने से इनकार कर दिया है। दक्षिण जिला DCP कार्यालय द्वारा टिकटिंग प्लेटफॉर्म 'बुकमायशो' को भेजे पत्र में स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा कारणों से इस आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती।
कारण
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देकर रोका इवेंट
सुरक्षा एजेंसियों को खतरे से जुड़ी कुछ खास जानकारियां मिली हैं, वहीं त्योहारों के दौरान पुलिस पर सुरक्षा बनाए रखने की भी जिम्मेदारी है।
इसी वजह से शो को मंजूरी नहीं दी गई है। इस खबर से दिलजीत के कॉन्सर्ट का इंतजार कर रहे फैंस को बड़ा झटका लगा है।
हालांकि, टिकट के पैसे वापस मिलने या शो की नई तारीख को लेकर आयोजकों और बुकमायशो की तरफ से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
इनकार
'बुकमायशो' को भेजे पत्र में दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दक्षिण जिला DCP कार्यालय द्वारा टिकटिंग प्लेटफॉर्म 'बुकमायशो' को भेजे पत्र में दिलजीत के 'ऑरा इंडिया टूर' के दिल्ली कॉन्सर्ट को हरी झंडी नहीं दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों से मिले गंभीर खतरे के इनपुट्स और त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था की भारी जिम्मेदारियों को इसकी मुख्य वजह बताया है।
सुरक्षा चिंताओं की समीक्षा के बाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस स्थिति में कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती।
बिक्री
6 अक्टूबर से शुरू हुई थी टिकटों की बिक्री
दिलजीत ने अपने 'ऑरा टूर' के भारत दौरे का ऐलान किया था। इसकी शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट से होनी थी।
यूरोप और उत्तरी अमेरिका में सफल शो के बाद इस टूर की टिकटों की बिक्री 6 अक्टूबर से शुरू हुई थी। हालांकि, सुरक्षा कारणों से दिल्ली पुलिस ने इसे मंजूरी देने से इनकार कर दिया है।
लिहाजा दिल्ली में होने वाला ये शो अब तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं हो पाएगा।